रायपुर. छत्तीसगढ़ शिक्षाकर्मी संघ के बैनर तले शुक्रवार से शिक्षाकर्मी धरने पर बैठ जाएंगे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय शर्मा ने दावा किया है कि 65 हजार से ज्यादा शिक्षाकर्मी हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। इससे स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह ठप हो जाएगी।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि परीवीक्षा अवधि वाले शिक्षाकर्मी भी आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। उन पर किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। संघ हर स्थिति में उनके साथ है। पदाधिकरियों ने बताया कि जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षाकर्मी धरना देकर पढ़ाई का बहिष्कार करेंगे। राजधानी में प्रदेश स्तरीय धरना दिया जाएगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन ने बताया कि राजधानी में उग्र प्रदर्शन कर विशाल रैली निकालने की तैयारी है।
आंदोलनकारी शिक्षाकर्मियों ने गुरुवार को अर्धनग्न प्रदर्शन किया। शिक्षाकर्मियों का तीसरा गुट शालेय शिक्षाकर्मी संघ भी आंदोलन की तैयारी कर चुका है। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे, संजय तिवारी और सुनील जार्ज ने बताया कि शिक्षाकर्मी रैली निकालकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। उसके बाद प्रदेशभर में धरना देकर शासन को जगाने की कोशिश होगी।
शिक्षाकर्मियों की प्रमुख मांगें : शिक्षा विभाग में संविलियन, शिक्षकों की तरह छठवां वेतनमान, तबादला नीति बनाकर नियमित स्थानांतरण, क्रमोन्नति का लाभ।