इंदौर. चोइथराम मंडी के पास स्थित स्कीम-103 के बड़े हिस्से में पिछले सात दिन से स्ट्रीट लाइट बंद है, इससे क्षेत्रीय रहवासी परेशान हैं। लोगों ने बिजली वितरण कंपनी से संपर्क किया तो कहा गया कि बकाया बिल न तो आईडीए दे रहा है, न ही नगर निगम इसलिए कनेक्शन काटा गया है।
क्षेत्रीय रहवासी उमेश दुबे ने बताया अंधेरे के कारण रात में लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। यहां आए दिन चोरी होती रहती है। अभिजीत शर्मा ने कहा बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत की तो उनका कहना है बिल नहीं भरने के कारण कनेक्शन काटा गया है।
प्राधिकरण कहता है स्कीम नगर निगम को सौंप दी है, जबकि निगम इससे इनकार कर रहा है। श्रीमती कमलेश आचार्य और जगन्नाथ एम. ने बताया रात में बच्चों-महिलाओं का आना-जाना मुश्किल हो गया है। जो घर दूर बने हैं, वहां ज्यादा परेशानी है।
69 हजार रुपए बकाया
बिजली वितरण कंपनी के सब्जी मंडी जोन के असिस्टेंट इंजीनियर डी.के. व्यास ने बताया स्ट्रीट लाइट का 69 हजार रुपए का बिल बकाया है। प्राधिकरण को पत्र लिखा तो वह कहता है स्कीम निगम को दे दी है और निगम इससे मना करता है। प्राधिकरण के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक स्ट्रीट लाइट का रखरखाव निगम को सौंपा जा चुका है। इस बारे में निगम को समय-समय पर पत्र लिखकर अनुरोध कर चुके हैं।
महापौर से बात करेंगे
प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा ने कहा स्ट्रीट लाइट बंद होने की जानकारी मुझे नहीं है। जल्द ही जानकारी लेकर स्ट्रीट लाइट चालू करवाने के लिए महापौर से बात करेंगे।
..और भी हैं समस्याएं
करीब दो साल से स्कीम-103 में पानी की टंकी बनकर तैयार है, लेकिन इससे पानी नहीं मिल रहा है। निगम का कहना है यह टंकी नर्मदा तृतीय चरण से जुड़ेगी। कई सड़कें भी नहीं बनी हैं, साफ-सफाई का भी व्यवस्थित इंतजाम नहीं है।