चंडीगढ़. हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन से शादी और अलगाव से सुर्खियों में आईं फिजा ने कहा है कि अगले वर्ष से सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगी। कोशिश है कि इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश या हरियाणा से हो। वह किस राजनीतिक दल में शामिल होंगी, इसका खुलासा नहीं किया। वह वीरवार को मोहाली स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
दीये जलाए, मिठाई बांटी
उन्होंने कहा, ‘मैं भजनलाल परिवार के राजनीतिक भविष्य के अधर पर होने पर खुश हूं। इसके लिए घर में घी के चार दीये जलाकर मिठाई बांटी है।’ फिजा ने कहा, पहला दीया चंद्रमोहन का राजनीतिक भविष्य खत्म होने, दूसरा कुलदीप बिश्नोई की पार्टी की चुनाव में बुरी तरह पराजय, तीसरा जसमां देवी की हार और चौथा भजनलाल को राजनीति में मिली मात के लिए जलाया है।
उन्होंने कहा कि इस परिवार ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया है। इसकी सजा हरियाणा की जनता ने इस परिवार को सत्ता से दूर रखकर दी है। फिजा ने कहा, शोषितों को न्याय दिलाने के लिए शीघ्र ही संगठन बनाएंगी।