Chandigarh
अजब एक्टर्स की गजब कहानी
प्रियंका चोपड़ा Friday, October 30, 2009 04:14 [IST]  

ranveerचंडीगढ़. न हसीनाएं बच सकीं और न ही वे सारे बॉयज जो कैटी को देखने के लिए बेताब थे। ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ की इस मजेदार जोड़ी से मिलने के बाद सारे फैन्स हो गए बोल्ड, सब का बस यही कहना था-अजब एक्टर्स की गजब जोड़ी है यह तो।

रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ शहर में थे अपनी फिल्म के प्रोमोशन के लिए। इस एक्टर जोड़ी ने उन लकी विनर्स से भी मुलाकात की जो दैनिक भास्कर और हेल्दीवे के आयोजन में शामिल हो रहे थे। इसी दौरान उनकी जो बातें हुईं आप भी जानिए..

शरारती या शरीफ

‘सांवरिया,’ ‘बचना ऐ हसीनो,’ ‘वेकअप सिड’ में चुलबुले किरदार में नजर आने वाले रणबीर कपूर बचपन में बेहद शरारती थे। स्कूल में हर दूसरे दिन इनके पेरेंट्स को बुलाया जाता था। रणबीर की शिकायत का बक्सा स्कूल से ही भरना शुरू हो गया था, फिर भी रणबीर खुद को शरीफ कहते हैं। होटल माउंटव्यू में हुए चैट शो के दौरान रणबीर ने यह सीक्रेट बताया। इसी दौरान कैटरीना ने इस फिल्म से जुड़े अपने अनुभव बांटे। उनके साथ फिल्म के प्रोडच्यूसर रमेश तोरानी भी थे। चैट शो में माय एफएम के आरजे लैला, मानव और रॉनी ने कैटरीना, रणबीर और रमेश तोरानी से बातें की।

रोने लगी थी कैटरीना

रणबीर ने बताया कि ऊटी में 45 दिन की शूटिंग के दौरान सभी ने खूब मस्ती की। चूंकि यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है, तो कई बार डायलॉग्स बोलने के बाद खुद को ही हंसी आ जाती थी। पर अब देखना है कि दर्शक भी इस फिल्म को देखकर हंसते हैं क्या? शूटिंग के दौरान एक गड़बड़ हो गई थी जब मेरी वजह से कैटरीना को चोट लग गई। एक सीन में मुझे कैटरीना को लेकर भागना था और उसी वक्त मेरी विलेन के साथ फाइट भी हो रही थी।

अचानक मेरा हाथ जब विलेन को मुक्का मारने के लिए उठा तो मेरी कोहनी कैटरीना की नाक पर लगी और वह जमीन पर गिर गई। उसे बहुत दर्द हो रहा था और वो बुरी तरह रो रही थी। ये सब देखकर मेरी हालत भी खराब हो गई। तसल्ली तब हुई जब अगले दिन ट्रीटमेंट के बाद कैटरीना फिर से शूटिंग पर लौट आई थी।

ये है नाम वाला

रणबीर का कहना है कि वह जिस खानदान से हैं उसके सिर्फ फायदे ही हैं। रणबीर ने कहा कपूर नाम साथ जुड़ जाए तो साथ में जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। 75 साल से कपूर खानदान बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा दिखाता आ रहा है। इसी वजह से मुझ पर भी ये जिम्मेदारी आ जाती है कि मैं भी इस नाम को बॉलीवुड में चमकाऊं। इसलिए मैं कड़ी मेहनत में विश्वास रखता हूं।

अगर बात बेस्ट कपूर की हो तो मुझे मेरी मां सबसे अच्छी लगती हैं, फिर चाहे एक्टिंग की बात हो या घर संभलाने की बात। फिल्मों का चयन करने में मेरे पेरेंट्स ने सब कुछ मुझ पर छोड़ रखा है। पापा फिल्मों के बारे में काफी कुछ सिखाते हैं। लेकिन कौन सी फिल्म करनी चाहिए ये फैसली मेरा ही होता है। पापा कहते हैं कि इस फील्ड में अप्स एंड डाउन्स मुझे खुद झेलने हैं।

जैसा काम वैसा भेस

रणबीर ने कहा ‘हर फिल्म में एक अलग किरदार निभाना पड़ता है, इसलिए अलग-अलग लुक बनाना एक्टिंग का ही हिस्सा है। ‘बचना ऐ हसीनो’ और ‘वेक-अप सिड’ में अलग हेयर स्टाइल था, जो किरदार को सूट करता था। आने वाली फिल्म ‘रॉकेट सिंह’ में सरदार बना हूं। ‘राजनीति’ में भी अलग हेयर स्टाइल और लुक में नजर आऊंगा। रणबीर ने बताया कि वह ‘वेकअप सिड’ के सिड को अपने ज्यादा करीब समझते हैं। ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ के प्रेम का कैरेक्टर भी काफी हद तक रणबीर जैसा ही है।

मेरा दूसरा घर है चंडीगढ़

फिल्मों की शूटिंग के लिए कई बार चंडीगढ़ आ चुकी कैटरीना कैफ ने बताया कि चंडीगढ़ उनके दूसरे घर जैसा है। अपने, सिंह इज किंग, नमस्ते लंदन फिल्म की शूटिंग के लिए कैटरीना चंडीगढ़ आ चुकी हैं। वह कहती हैं ‘यहां आकर हमेशा अच्छा ही लगता है। पंजाबी तो मेरी फिल्में बहुत पसंद करते हैं।’ इस फिल्म में कैटरीना एक ईसाई लड़की का किरदार निभा रही हैं।

मुश्किल था लड़कियों को शांत करना

रणबीर कपूर के माउंटव्यू चिटचैट शो में आने से पहले ही ऑडियंस रणबीर.रणबीर चिल्ला रही थी। जैसे ही रणबीर ने हॉल में कदम रखा तो सभी ने जोर-शोर से रणबीर का स्वागत किया। लड़कियां तो अपने मोबाइल में रणबीर की तस्वीरें लेने में ही वयस्त नजर आईं। रणबीर जैसे ही कुछ बोलने लगते, लड़कियां का उत्साह शोर के रूप में सामने आता।

बड़ी मुश्किल से लड़कियों को थोड़ा शांत किया गया और रणबीर से चिटचैट शुरू हुआ। आरजे लैला ने रणबीर से जैसे ही कहा कि लड़कियां उनकी स्माइल की दीवानी हैं तो फिर से चियर सुनाई दिया। आरजे ने लड़कियों को माइक पर रणबीर को मैसेज देने को कहा तो सिर्फ ‘रणबीर वी लव यू’ सुनने को मिला।

फिर रणबीर ने फिल्म से जुड़ी कई बातें बताईं, जैसे उन्हें सबसे ज्यादा हंसी किस डायलॉग पर आई। रणबीर ने वह डायलॉग भी सुनाया। रणबीर ने बताया कि उनकी प्रिंसिपल उनसे काफी परेशान थीं, वह शरारती जो थे। एक्टिंग में आने पहले रणबीर ने संजय लीला भंसाली को फिल्म ‘ब्लैक’ में असिस्ट किया और उसके बाद शुरू हुआ फिल्मों का सफर। रणबीर से जब पूछा गया कि उन्हें ऑडियंस की वाहवाही चाहिए या बॉक्स ऑफिस पर चमकना तो उन्होंने कहा कि वह दर्शकों के लिए एक्टिंग करते हैं, उन्हें एंटरटेन करने के लिए यही सबसे अहम है।

रणबीर से अभी बातचीत चल ही रही थी कि कैटरीना की एंट्री हुई और क्राउड ने फिर शोर मचाना शुरू कर दिया। कैटरीना ने आते ही कहा कि उन्हें यहां बैठे कई चेहरे जाने-पहचाने से लग रहे हैं क्योंकि वह अपनी कई फिल्मों की शूटिंग के लिए यहां आ चुकी हैं। कैटरीना को सबसे पहला मैसेज एक लड़के ने दिया- ‘जब से आपका गीत ‘तेरी ओर..’ देखा है सपनों में उसी गीत पर आपके साथ खुद को नाचते हुए देखता हूं।’ मैसेज के बाद शुरू हुआ विनर्स के साथ कैटरीना और रणबीर का फोटो सेशन। इसके बाद सभी को सलाम करते हुए यह जोड़ी अपने अगले स्पॉट के लिए निकल पड़ी।





  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: