देश के शीर्ष कलाकारों को लेकर लगभग 23 साल पहले दूरदर्शन के लिए तैयार किए गए विशेष गीत ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा ..’ को फिर से नए रूप में लाया जा रहा है। मुंबई हमलों की पहली बरसी के मौके पर एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए इसे एक बार फिर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए अमिताभ बच्चन ने भी अपनी आवाज दी है।
इस कार्यक्रम की शूटिंग मुंबई के ऐतिहासिक ताज होटल में हुई है। हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए इस होटल की साजसज्जा अब तक चल रही है। अमिताभ ने अपने ब्लॉग में लिखा है ‘आज मैं उस इमारत के हृदय में खड़ा हूं जो आजादी के बाद से हमारे आत्मगौरव पर हुए अब तक के सबसे बड़े हमले में लहूलुहान हो गई थी।
उसके घाव अब तक नहीं भरे हैं। आज मैं गेट वे ऑफ इंडिया के सामने ताज होटल से देश के लिए कह रहा हूं-मिले सुर मेरा तुम्हारा ।’ अमिताभ ने ताज होटल के कर्मचारियों की हिम्मत और धर्य की भी सराहना की है। ब्लॉग में अमिताभ ने बताया है कि 23 साल पहले ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’कार्यक्रम कैसे तैयार किया गया था।
उन्होंने लिखा है ‘यह कार्यक्रम बहुत लोकप्रिय हुआ और विविधता में एकता का प्रतीक बन गया। 23 साल गुजर गए हैं। आज फिर इसे तैयार करने की जरूरत महसूस हुई। शब्द वही हैं लेकिन देश में बहुत कुछ बदल गया है। कुछ ऐसा हुआ, जिसने हमारे महान देश के सांप्रदायिक सौहार्द के तानेबाने को क्षति पहुंचाने की कोशिश की।’
मिले सुर मेरा तुम्हारा का खास वीडियो यू ट्यूब के सौजन्य से