लंदन. नेल्सन मंडेला की फाउंडेशन ने साउथ अफ्रीका की प्रसिद्ध अभिनेत्री चार्लिज थेरॉन पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिना इजाजत मंडेला के साथ मीटिंग की बोली लगाई है।
पिछले हफ्ते 34 वर्षीय ऑस्कर विजेता अभिनेत्री ने चैरिटी के नाम पर 85 हजार 500 पाउंड जुटाए हैं। यह राशि उन्होंने अपने देश साउथ अफ्रीका घूमने के मौके और नेता नेल्सन मंडेला से मीटिंग के नाम पर बोली लगाकर जुटाई।
उनका यह कार्यक्रम तब सुर्खियों में आया जब वे सेन फ्रांसिस्को में अधिक बोली लगाने वाले को किस करने के लिए राजी हो गईं। इस दौरान एक महिला विजेता को किस करते हुए उनकी तस्वीर ने बवाल भी खड़ा किया। अब यह विजेता 91 वर्षीय मंडेला से मुलाकात का इंतजार कर रही है।
विजेता मंडेला से वादा किया गया है कि उसे अगले साल फुटबॉल वर्ल्ड कप के दौरान मुलाकात करवाई जाएगी, लेकिन पूर्व स्वतंत्रता सैनानी के प्रवक्ता ने साफ कर दिया है कि यह मुलाकात मुश्किल है। प्रवक्ता ने बताया कि थेरॉन ने नीलामी से पहले मंडेला से इजाजत नहीं ली है। नेल्सन मंडेला फाउंडेशन के चीफ एक्जीक्यूटिव एचमैट डैंगोर का कहना है कि मंडेला से मुलाकात की एक तय प्रकिया है और थेरान की ओर से ऐसी कोई मांग नहीं की गई।
उन्होंने कहा अगर भविष्य में कोई मांग आती है तो हम उस पर विचार करेंगे। मंडेला अब पहले की तरह सार्वजनिक सभाओं या बैठकों में शामिल नहीं होते हैं हालांकि वे मुलाकात के लिए लोगों को समय देते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें पहले अनुमति लेना होती है।