नई दिल्ली. पिछले मैच में प्रभावशाली जीत से उत्साहित टीम इंडिया शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां के फिरोजशाह कोटला मैदान पर होने वाले तीसरे वनडे क्रिकेट मैच को अपने नाम कर सीरीज में बढ़त लेने की कोशिश करेगी।
सात मैचों की सीरीज का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता था, जबकि दूसरे मैच में भारत ने फतह हासिल की थी। तीसरे मैच में भी मेजबान भारत का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। भारत के सभी खिलाड़ी फिट हैं, जबकि ऑस्ट्रेलियाई खेमा चोट की समस्या से जूझ रहा है।
भारत की ताकत बल्लेबाजी
सचिन तेंडुलकर को छोड़कर लगभग सभी बल्लेबाज सीरीज में बढ़िया पारी खेल चुके हैं। सचिन के आउट होने के बाद भी सहवाग और गंभीर ने नागपुर में जिस तरह से टीम को तेज शुरुआत दी, उससे कप्तान धोनी के हौसले बुलंद होंगे। मध्यक्रम में धोनी और रैना की पारियां भी बेजोड़ थीं। छोटी सी पारी के दौरान युवराज भी लय में दिखे थे। हरभजन और प्रवीण कुमार ने भी पहले मैच में दिखा दिया है कि जरूरत पड़ने पर वे भी रन जुटा सकते हैं।
गेंदबाजी में आया सुधार
भारत के गेंदबाज भी पहले मैच की नाकामी से उबर चुके हैं। उन्होंने दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 255 रन पर समेटकर लय में आने के संकेत दिए। कई मैचों के बाद इशांत पहले की तरह उछाल भरी गेंदबाजी कर रहे हैं। आशीष नेहरा वापसी के बाद से बेहतरीन रहे हैं। पिछले मैच में प्रवीण ने भी गेंद को दोनों तरफ मूव कराया था।
भज्जी पर माथापच्च्ी
ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह पिछले कई मैचों से औसत प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पिछले पांच मैचों में 258 रन देकर सिर्फ 4 विकेट झटके हैं। उनका प्रदर्शन टीम प्रबंधन के लिए चिंता की बात हो सकती है। दिल्ली की धीमी पिच पर उनका प्रदर्शन निर्णायक हो सकता है। राहत की बात यह है कि बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने पिछले दो मैचों में अच्छी गेंदबाजी की है।
कंगारुओं की मुश्किल राह
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के लिए कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। चार अहम खिलाड़ियों माइकल क्लार्क, नाथन ब्रेकन, ब्रैड हैडिन और कैलम फग्युर्सन के बिना भारत आई मेहमान टीम के इतने ही खिलाड़ी यहां चोटिल हो चुके हैं।
नहीं खेलेंगे होप्स
जेम्स होप्स दिल्ली में नहीं खेल पाएंगे। वहीं, विकेटकीपर टिम पैन चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं, उनके स्थान पर टीम में शामिल किए गए ग्राहम मनोऊ शनिवार को अपने वनडे कैरियर का आगाज करेंगे। राहत की बात है तो सिर्फ यह कि पहले मैच के दौरान चोटिल मिशेल जॉनसन अब पूरी तरह फिट हैं।
दुविधा में रहेंगे कप्तान
टॉस जीतकर पहले बैटिंग की जाए या फील्डिंग, इसे लेकर दोनों कप्तानों को दुविधा का सामना करना पड़ सकता है। फिरोजशाह कोटला की पिच धीमी है और इसे ध्यान में रखकर पहले बल्लेबाजी करना उचित होगा। ओस इसका दूसरा पहलू है, जो रात में गेंदबाजी मुश्किल बनाएगी। लेकिन नागपुर में ओस से ज्यादा परेशानी नहीं हुई थी।