चंडीगढ़. कनाडा की संसद में 10 पंजाबी सांसदों के साथ दबदबा कायम करने वाले प्रवासी पंजाबी समुदाय ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कनाडा के ओंटारियो राज्य में पंजाबियों के नाम सबसे अधिक अदालती मामले चल रहे हैं।
ग्रेटर टोरंटो एरिया स्थित ब्रैम्पटन कोर्ट में दर्ज होने वाले कुल मामलों में से पंजाबी प्रवासियों से संबंधित मामलों की संख्या 60 फीसदी तक पहुंच गई है जो कि एक रिकॉर्ड है। इसी के चलते ही ब्रैम्पटन अदालत में पंजाबी दुभाषियों की गिनती 7 तक पहुंच गई है जबकि अन्य किसी भी भाषा के लिए एक से ज्यादा दुभाषिए नहीं हैं।
7 दुभाषिए होने के बाद भी अदालतों में केसों की सुनवाई के दौरान पंजाबियों को दुभाषियों के लिए इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो समय पर दुभाषिया न मिलने के कारण केस की सुनवाई टालनी पड़ती है। ब्रैम्पटन कोर्ट में वकील मनबीर सोढ़ी के अनुसार बीते सालों में पंजाबी युवा ड्रग्स, चोरी, तस्करी आदि के मामलों में ज्यादा शामिल हुए हैं।
जिस कारण आज ब्रैम्पटन की अदालतों में पंजाबियों की मौजूदगी सबसे अधिक दिखाई देती है। मनबीर सोढ़ी के अनुसार घरेलू हिंसा के मामलों में भी पंजाबी परिवार पीछे नहीं हैं। पंजाब से आने वाले पति या पत्नी की इंग्लिश कमजोर होने के चलते अदालत उनके लिए दुभाषिए का प्रबंध करने को कहती है। उसके बाद नीचे के कर्मियों को एक और पंजाबी दुभाषिए का प्रबंध करना भारी पड़ जाता है।