चंडीगढ़. फिल्म ‘लंदन ड्रीम्स’ के एक सीन को लेकर बजरंग दल चंडीगढ़ और पंजाब के सदस्यों ने सुबह 10 बजे बतरा सिनेमा के बाहर प्रदर्शन किया। इन लोगों ने टिकट काउंटर नहीं खुलने दिया और थियेटर में जबरन घुसने की कोशिश की।
इस दौरान कुछ लोग परेशान भी हुए। इनका कहना था कि अपनी आपत्ति दर्ज करने के लिए दूसरों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि टीवी पर दिखाए जाने वाले फिल्म के प्रोमो से इस सीन को हटाया जाए। सेक्टर 39 के एसएचओ जनक राणा ने फिल्म चलाकर सीन देखा और सिनेमा के मैनेजर विनय से डिस्ट्रीब्यूटर से बात करने को कहा।
विनय ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूटर राजू साहनी के कहने के बाद एक मिनट 9 सेकंड के इस सीन को काटा गया। बजरंग दल की पंजाब शाखा के प्रवक्ता विजय सिंह भारद्वाज ने कहा कि वह शहर के मॉल और अन्य सिनेमाघरों में लगी इस फिल्म को चेक करेंगे। जहां कहीं भी यह सीन दिखाया गया, वहां प्रदर्शन किया जाएगा। इसके मद्देनजर पुलिस ने सभी मॉल और थियेटर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। एडवोकेट अरविंद ठाकुर ने बताया कि उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी और सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष शर्मिला टैगोर को ई-मेल भेजकर इस सीन को हटाने को कहा है।