जयपुर। गुरुवार शाम को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के डिपो में लगी आग आज तीसरे दिन शनिवार को भी कम होने की बजाय तेज होती जा रही है। इस आग को लगे 40 घंटे से ज्यादा गुजर चुके हैं लेकिन यह अब तक बुझी नहीं है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस आग को बुझने में अब भी 20 से 24 घंटे लगेंगे।
कलेक्टर कुलदीप रांका ने शनिवार सुबह पत्रकारों को जानकारी दी कि प्रशासन को दो और शव मिले हैं। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 8 हो गई है। इन दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक घायलों की संख्या 50 है जबकि गैर सरकारी सूत्रों की मानें तो घायलों की संख्या 200 से ज्यादा है। कलेक्टर के अनुसार आग के आसपास के इलाके को पूरी तरह खाली करा लिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भिजवा दिया गया है।
आईजी बी एल सोनी ने शनिवार को पत्रकारों को जानकारी दी कि अब तक आठ शव मिल चुके हैं। जिनमें से चार की शिनाख्त हो चुकी है और चार की पहचान नहीं हो पाई है। इंडियन ऑयल के दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
इधर, एसएमएस अस्पताल में भी दो की हालत गंभीर है। सोनी के अनुसार तेल विशेषज्ञों ने जानकारी दी है है कि आग बुझने में अभी और 24 घंटे लग सकते हैं। लापता बताए जा रहे सभी बच्चे मिल गए हैं। एक बच्ची मुस्कान जो लापता बताई जा रही थी, वह भी मिल गई है।
एक और धमाका : साढ़े बारह बजे भी इंडियन ऑयल के डिपो में एक और धमाका हुआ है। जब से आग लगी है इस तरह के धमाके लगातार जारी हैं और अधिकारी कह रहे हैं कि यह आग तेल खत्म होने के साथ ही बुझेगी।
गैस लीक होने की अफवाह : सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर अफवाह फैली कि इंडियन ऑयल के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में रिसाव हो गया है। जिसे सुनते लोग विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया से विपरीत दिशा की ओर भाग गए। जिस पर कलेक्टर व इंडियन ऑयल के जीएम गौतम बॉस ने लोगों को शांत किया व अपील की कि इस तरह की अफवाहें न फैलाएं। मौके पर इंडियन ऑयल के व सरकारी अधिकारी पहुंचे और उन्होंने लोगों को शांत किया।
तड़के हुआ गैस रिसाव : शनिवार सुबह 6-30 बजे सिलेंडर भरने के प्लांट के पास थोड़ा गैर रिसाव हुआ भी था, लेकिन इस लीकेज को सही कर दिया गया है। अधिकारी इसे रूटीन लीकेज बता रहे हैं।
सुरक्षा तंत्र चौकस : सरकारी अधिकारियों की माने तो जिन इलाकों को खाली कराया गया है वहां पुलिस व सुरक्षा बलों के जवानों की तैनाती कर दी गई है। ताकि खाली घरों व इमारतों में चोरी न हो।
सभी 11 टैंकों में आग जस की तस : डिपो में सभी 11 टैंकों में आग लगातार जारी है। सेना के अधिकारी ब्रिगेडियर एम डी एस मान ने बताया कि 11 टैंकों में आग लगी हुई है। एक छोटे टैंक में भी आग लगी थी लेकिन उस पर काबू पा लिया गया है। सेना की कोशिश है कि आग और ने फैले। डिपो के बगल में जेवीस फ्लोरा फैक्ट्री में भी आग लगी थी लेकिन समय रहते उस पर भी काबू पा लिया गया है। उधर जीनस फैक्ट्री के एक और हिस्से में आग लगी थी लेकिन उस पर भी नियंत्रण पा लिया गया है।
डिपो के चारों और खाई : इंडियन ऑयल के डिपो के चारों ओर सेना खुदाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार एतिहाती तौर पर डिपो के चारों तरफ खाई (कैनाल) बनाई जा रही है। यदि कोई टैंक फट जाए और ऑयल बाहर फैले तो इसी कैनाल में ही इकट्ठा हो जाए, जिससे आग और न फैले।
इन्हें भी पढ़े...
*जयपुर में आगः धरे रह गए सुरक्षा इंतजाम के दावे
*जयपुर में आगः धुआं हुआ दस करोड़ लीटर तेल
*जयपुर में आग: कहीं ये साजिश तो नहीं!
*जयपुर में लगी आग की विभीषिका तस्वीरों में...
*जयपुर में आग: अगर ऐसा हुआ तो क्या होगा?