लंदन. कपड़ों के सफल ब्रांड के बाद पूर्व स्पाइस गर्ल विक्टोरिया बेकहम अब जूतों और हैंडबैग्स की रेंज शुरू करेंगी। सूत्रों की मानें तो विक्टोरिया ऐसा करके अपनी ‘वीबी’ डिजाइनर वेयर कलैक्शन की लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहती हैं।
कॉन्टैक्टम्यूजिक की रिपोर्ट के मुताबिक विक्टोरिया अन्य कंपनियों की ब्रांड एम्बैसेडर बनकर थक गई हैं, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाने का फैसला किया। इसमें उनके पति डेविड बेकहम भी उनका साथ दे रहे हैं। उनकी एक दोस्त ने कहा, ‘विक्टोरिया बाकी ब्रांड्स को प्रमोट करते-करते थक गई हैं। जब भी वह क्रिस्टियन लॉबोटिन या हर्म्स का बैग लेती है या जूते पहनती है, तो यही सोचती हैं कि वह खुद का कलैक्शन भी शुरू कर सकती हैं। जल्द ही वह ऐसा करेंगी।’ मालूम हो कि विक्टोरिया का ‘वीबी’ कलैक्शन काफी लोकप्रिय है और मैडोना, जैनिफर लोपेज, एल मैकपर्सन और इवा लंगोरिया उनके डिजाइन्स के कपड़े पहनती हैं।