यहां के पीएपी इंडोर स्टेडियम में चल रही दो दिवसीय प्रतियोगिता में शनिवार को पुरुष वर्ग में रजनीश (60 किग्रा.) व मौसम खत्री (96 किग्रा.) ने और महिला वर्ग में गीता (55 किग्रा.) ने भारत को स्वर्णिम सफलता दिलाई। रजनीश ने हमवतन राहुल मान को हराकर स्वर्ण पर कब्जा किया।
इस वर्ग का कांस्य भारत के ही कुलदीप तोमर ने जीता। 96 किग्रा. वर्ग में मौसम खत्री ने श्रेष्ठता साबित की। उन्होंने फाइनल में ईरान के मीरी सईद को हराया। कोरिया के पार्क मिन जिन तीसरे स्थान पर रहे। भारत को तीसरा स्वर्ण महिला पहलवान गीता ने दिलाया। उन्होंने फाइनल में हमवतन गार्गी यादव को मात दी। जापान की अराई चिकाई के हिस्से में कांस्य पदक आया।
जापान को दोहरा स्वर्ण : महिलाओं की 48 और 72 किग्रा. भार वर्ग की कुश्ती जापान के नाम रही। 48 किग्रा. भारवर्ग में जापान की अकियो मिनोरी ने स्वर्ण, भारत की देवी निर्मल ने रजत और रेखा दहिया ने कांस्य जीता। इसी तरह सुजुकी हिरो ने 72 किग्रा. वर्ग में भारत की गुरशरण कौर को हराकर स्वर्ण अपने नाम किया।
इस वर्ग का कांस्य भारत की अनमोल को मिला। कनाडा को एकमात्र स्वर्ण नकूब लोपास ने दिलाया। उन्होंने पुरुषों के 74 किग्रा. भार वर्ग में ईरान के मुहंमदी बागजान पी को हराया। भारत के सुमित को कांस्य से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में पहले तीन स्थान पाने वाले पहलवानों को इनाम के रूप में क्रमश: 2000, 1000 और 500 अमेरिकी डॉलर दिए गए।