नई दिल्ली. सिक्युरिटी एजेंसियों की बढ़ती मांग के मद्देनजर पंजाब सरकार ने पश्चिमी देशों के लिए राज्य में सुरक्षा गार्ड तैयार करने की योजना बनाई है। योजना के तहत अंग्रेजी बोलने वाले पंजाब के युवाओं को पुलिस के सहयोग से प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे विदेश में नौकरी करने का पंजाबी युवाओं का सपना भी पूरा हो सकेगा।
सेंट्रल एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट सिक्युरिटी इंडस्ट्री (सीएपीएसआई) द्वारा आयोजित बैठक में पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि हर साल एक लाख युवाओं को होशियारपुर जिले के जहान खेलां स्थित पंजाब सिक्युरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने संस्थान की प्रशिक्षण सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर 9.2 करोड़ रु. खर्च करने का भी ऐलान किया। बादल के मुताबिक, दुनिया में शिक्षित और प्रशिक्षित गाडरें की भारी मांग है, जिसका फायदा पंजाबी युवाओं को उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस समय देश भर में साढ़े पचास लाख लोग सुरक्षा गार्ड के तौर पर कार्य कर रहे हैं और इस क्षेत्र में हर वर्ष 25 फीसदी का इजाफा हो रहा है। इसके मद्देनजर पंजाब सरकार ने अल्प अवधि का पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना भी बनाई है।