नई दिल्ली. मैन आफ द मैच युवराज ¨सह (78) और कप्तान महेंद्र ¨सह धोनी (71*) के शाही पराक्रम से भारत ने विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में छह विकेट से ध्वस्त कर सात मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। मैन आफ द मैच युवराज और कप्तान धोनी ने चौथे विकेट के लिए 173 गेंदों में 148 रन की मैच विजयी साझेदारी कर आस्ट्रेलिया से मिले 230 रन के लक्ष्य को आसान बना दिया।
भारत ने 48.2 ओवर में 4 विकेट पर 230 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल कर ली। सीरीज का चौथा वनडे दो नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा। आस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 229 रन बनाए थे। युवराज ने 96 गेंदों पर 78 रन की अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। धोनी ने 95 गेंदों की अपनी पारी में छह चौंके लगाए। इससे पहले पैर में पीटर सिडल की गेंद से चोट खाने वाले वीरेन्द्र सहवाग 11 रन बनाकर बोल्ड हुए।
आत्मविश्वास के साथ खेल रहे सचिन तेंदुलकर अनावश्यक रन लेने की कोशिश में रनआउट हुए। सचिन ने 47 गेंदों में चार चौकों की मदद से 32 रन बनाए और वह 17 हजार रन पूरे करने से 47 रन दूर रह गए। गर्दन में पों¨टग के पुल से चोट खाने वाले गौतम गंभीर छह रन बनाकर बोल्ड हुए। इससे पूर्व कप्तान पोंटिंग ने खुद को प्रमोट करते हुए कैरियर में दूसरी बार पारी की शुरुआत की।
पोंटिंग का यह प्रयोग सफल रहा और उन्होंने शेन वाटसन (41) के साथ पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़कर टीम को मजबूत आधार दिया। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आए हसी ने 81 रन की अविजित पारी खेली। उन्होंने 82 गेंदों की अपनी पारी में महज तीन चौके और एक छक्का लगाया। स्पिन ट्रेक पर भारत की ओर से रविंद्र जडेजा ने दो विकेट झटके, जबकि हरभजन सिंह, युवराज सिंह और सुरेश रैना को एक-एक विकेट मिले।