International
मुंबई हमला : कसाब सहित 14 आरोपी फरार घोषित
Agency Sunday, November 01, 2009 01:32 [IST]  

इस्लामाबाद. मुंबई हमला मामले में सात संदिग्ध साजिशकर्ताओं की सुनवाई कर रही पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी कोर्ट ने शनिवार को अजमल आमिर कसाब सहित 14 आरोपियों को फरार घोषित कर दिया है। इसके साथ ही सुनवाई 7 नवंबर तक स्थगित कर दी गई है।



सूत्रों ने बताया कि सुनवाई के दौरान जज मलिक मोहम्मद अकरम द्वारा फरार घोषित किए गए 14 आरोपियों में से 13 के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कसाब एक मात्र जीवित आतंकी है, जिसे भारतीय अधिकारियों ने हमलों के दौरान पकड़ा था।



मामले में 10 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान जिस प्रकार आरोप तय किए गए थे, उसे लेकर सातों संदिग्धों ने शनिवार की कार्यवाही में आपत्ति जताई। पूर्व में मामले की सुनवाई कर रहे जज बाकिर अली राणा ने आरोपियों पर उनके वकील की अनुपस्थिति में आरोप तय किए थे।



मृत्युदंड पाने वाला आतंकी बरी



उधर, कराची की आतंकवाद रोधी कोर्ट ने फांसी की सजा का सामना कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद सुहेल को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है। सुहेल पर 2002 में एक पांच सितारा होटल के बाहर आत्मघाती हमले की साजिश रचने का आरोप था। धमाके में 11 फ्रांसीसियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई थी।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: