चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी ने आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी देने के लिए छात्र वरुण मलिक से 12,22,378 रुपये मांगे हैं। एलएलएम के छात्र वरुण ने यूनिवर्सिटी से 19 सवालों का विस्तृत जवाब मांगा था। वरुण ने पहली बार 10 अगस्त को आरटीआई के तहत आवेदन किया।
10 सितंबर को उसे जवाब मिला। इस जानकारी से संतुष्ट न होकर वरुण ने दोबारा आरटीआई के तहत आवेदन किया था। यूनिवर्सिटी ने भेजे गए रिमांइडर में इन सवालों के जवाब देने के एवज में यह रकम मांगी है। यूनिवर्सिटी ने तर्क दिया है कि सभी सवालों की विस्तृत जानकारी के लिए छह लाख से ज्यादा पृष्ठ तैयार किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जवाब तैयार है। छात्र को यह राशि चुकाने के लिए दो रिमांइडर दिए जा चुके हैं। वरुण का आरोप है कि यूनिवर्सिटी उसे हतोत्साहित करने के लिए ऐसा कर रही है।
वरुण के प्रमुख सवाल
> पांच वर्ष के दौरान हॉस्टलों में लेट नाइट एंट्री फीस से कितना धन मिला और यह कहां खर्च हुआ?
> पांच वर्ष में शेअरिंग बेस पर कितने कमरे अलॉट हुए?
> शेअरिंग बेस और अकेले अलॉट कमरों से कितनी फीस वसूली गई और कहां खर्च की गई?
> हॉस्टलों से पूअर वेलफेअर फंड में कितना धन मिला और कहां खर्च हुआ?
> हॉस्टलों में पंखें और गीजर चलाने के लिए कितनी फीस ली गई और कहां खर्च हुई?
> विद्यार्थियों से विभिन्न चार्जेज के तौर पर कितना धन लिया गया और कहां खर्च हुआ?










