चंडीगढ़. रेलयात्रियों को अब स्टेशन पर सुविधाओं या अन्य खामी नजर आने पर शिकायत दर्ज कराने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अंबाला मंडल ने इसके लिए एसएमएस और ईमेल की सुविधा शुरू की है। अंबाला मंडल के डीआरएम एचके जग्गी का कहना है कि एसएमएस और ईमेल से मिली शिकायतों का हल 24 घंटे में कर उनका जवाब भी भेजा जाएगा।
कोई भी यात्री 09717630982 नंबर पर शिकायत एसएमएस कर सकता है। 222.ड्डद्वड्ढड्डद्यड्डrड्डद्बद्य.ष्oद्व पर ईमेल के जरिये शिकायत की जा सकती है।अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम करण सिंह ने बताया कि नई दिल्ली तक जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को हजरत निजामुद्दीन तक बढ़ाने की यात्रियों की मांग को मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा।
अनुमति मिलने के बाद उसे हजरत निजामुद्दीन तक बढ़ा दिया जाएगा। चंडीगढ़-चेन्नई एक्सप्रेस रात 2 बजे चेन्नई पहुंचती है। इसका समय बदलने पर विचार किया जाएगा।
चंडीगढ़—डिब्रूगढ़ स्पेशल ट्रेन अब वीरवार के बजाय बुधवार रात 11.10 बजे चलेगी। इससे पहले यह सप्ताह में एक दिन वीरवार को दोपहर 3.50 पर चंडीगढ़ से रवाना होती थी। डिब्रूगढ़ से वापसी में सोमवार को चलेगी और बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचेगी। डीआरएम जग्गी ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन के नियमित होने की संभावना है।
कई ट्रेनों के समय में परिवर्तन, आज से लागू : कई ट्रेनों के समय में 1 नवंबर से परिवर्तन किया गया है। अब 2006 कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस सुबह 6.45 पर चंडीगढ़ आकर 6.53 पर रवाना होगी। शताब्दी एक्सप्रेस का चंडीगढ़ में स्टॉपेज 5 मिनट से बढ़कर 8 मिनट हो गया है।
2058 ऊना—नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस सुबह 7.23 पर पहुंचकर चंडीगढ़ से नई दिल्ली के लिए 7.33 पर रवाना होगी। जनशताब्दी का चंडीगढ़ में स्टॉपेज 10 मिनट का होगा। कालका- बाड़मेर अब 10.15 पर चंडीगढ़ पहुंचकर रात 10.25 पर रवाना होगी। इस गाड़ी का टाइम 15 मिनट कम कर दिया गया है।
सुबह 11.05 बजे चंडीगढ़ पहुंचने वाली 2011 नई दिल्ली—कालका शताब्दी एक्सप्रेस अब 11.13 बजे पहुंचेगी। 2925 पश्चिम एक्सप्रेस चंडीगढ़ में दोपहर 3.52 पर पहुंचकर शाम 4.07 पर कालका के लिए रवाना होगी। नई दिल्ली से चंडीगढ़ वापसी में जनशताब्दी शाम 7.15 के स्थान पर 7.05 पहुंचेगी। 2005 नई दिल्ली —कालका शताब्दी रात 8.45 के स्थान पर रात 8.33 पर पहुंचेगी।