चंडीगढ़. मोहाली में 2 नवंबर को भारत व ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच होने वाले वन-डे क्रिकेट मैच को लेकर केंद्र व राज्य की खुफिया एजेंसियां संतर्क हो गई हैं।
पंजाब में पिछले कुछ समय से बब्बर खालसा जैसे आतंकी संगठनों की गतिविधियां बढ़ जाने के कारण राज्य के इंटेलिजेंस विंग ने विशेष टीमों का गठन किया है। इन टीमों को संदिग्ध लोगों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मैच के दौरान दर्शकों के बीच भी सामान्य कपड़ों में पुलिस के जवान बैठेंगे।
इंटेलिजेंस विंग ने उन लोगों की सूची बनाई है जो आतंकी रह चुके हैं। इनकी गतिविधियों पर हर समय नजर रखी जाएगी। इनमें वे आतंकी भी शामिल हैं, जो आजकल जमानत पर हैं।
इसके अलावा ऐसे लोगों की लिस्ट भी बनाई गई है जो आतंकियों की मदद करते हैं या जिन पर आतंकियों की मदद करने का संदेह है। मैच को लेकर जिन जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें वाहनों की गहन छानबीन के निर्देश दिए गए हैं। पीसीए स्टेडियम के बाहर सुरक्षा की जिम्मेदारी कमांडो संभालेंगे। पीएपी जवानों के अलावा अन्य पुलिस जिलों के राजपत्रित व गैर राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जा चुकी है।
ब्लैक करने पर खैर नहीं
डीजीपी कार्यालय ने मैच की टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए भी खास निर्देश दिए हैं। टिकट ब्लैक करने वालों पर नजर रखने के लिए स्टेडियम के इर्द-गिर्द सादी वर्दी में जवानों को भी तैनात किया जाएगा।