Chandigarh
लगाए ठहाके, किया भंगड़ा, कहा.. अभी तो हम जवान हैं
मति कांत सिंह Sunday, November 01, 2009 04:54 [IST]  

चंडीगढ़. अपने शहर में और अपने लोगों से सम्मानित होने का मजा ही अलग है। इसका नजारा दिखा शनिवार को सीनियर सिटीजंस के सम्मान समारोह में। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल की ओर से होटल शिवालिक व्यू में आयोजित समारोह में कला, शौर्य और प्रतिभा की अमिट छाप छोड़ने वाली शहर की 20 हस्तियों को सम्मानित किया गया।



इस दौरान बुजुर्गो के चेहरे खिल उठे, खुशी इतनी की पैर थिरकने लगे और सबने भंगड़ा किया। जोश से भरे बुजुर्गो ने कहा, ‘अभी तो हम जवान हैं..’।



सेहत के बताए राज : चिंता और तले भोजन से परहेज और दाल-रोटी व सादा खाना है रॉक गार्डन के निर्माता नेक चंद की सेहत का राज। फोर्टिस के सम्मान समारोह में पहुंचे पद्मश्री नेक चंद ने बताया कि गन्ने भी उन्हे बेहद पसंद हैं।



मशहूर हास्य अभिनेता मेहर मित्तल ने स्टेज पर आते ही हॉल ठहाकों से गूंजने लगा। अच्छी सेहत के टिप्स देते हुए उन्होंने कहा कि जब जोर की भूख लगे तभी खाएं और पैदल चलें। एवरेस्ट की चोटी साउथकॉल पर दो बार तिरंगा फहरा चुके 86 वर्षीय गुरदयाल सिंह एडवेंचर के बिना जिंदगी को अधूरा मानते हैं।



अजुर्न अवार्ड व पद्मश्री से सम्मानित गुरदयाल सिंह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के टीचर रह चुके हैं। सिंह ने कहा कि आधुनिक खानपान से युवाओं की सेहत बिगड़ रही है। डॉ. एमएल कटारिया ने युवाओं में बढ़ रही चिंता और गलत खानपान को बीमारियों को घर बताया।



सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एमएस कांडल ने कहा कि संयमित जीवन से सब मिलता है। इस मौके पर फोर्टिस ने बुजुर्गो के इलाज खर्च पर रियायत की भी घोषणा की।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: