रबींद्रनाथ टैगोर की लघुकथा ‘काबुलीवाला’ पर बॉलीवुड में पहले एक फिल्म बनाई जा चुकी है, जिसमें बलराज साहनी ने शीर्षक भूमिका निभाते हुए अविस्मरणीय अभिनय किया था। इस बार इसे टीवी दर्शकों के लिए बनाया जा रहा है, जिसमें आधुनिक संदर्भो को ध्यान में रखते हुए आतंकवाद की पृष्ठभूमि भी जोड़ी गई है।
इस फिल्म में छोटे परदे के मशहूर सितारे रोनित रॉय और साक्षी तंवर पति-पत्नी की भूमिका में नजर आएंगे, जिनकी बेटी की मुंबई आने वाले अफगानी के साथ मित्रता हो जाती है। इस फिल्म में शाहबाज खान काबुलीवाला का किरदार निभाने जा रहे हैं।
निर्देशक सुदीप्तो चट्टोपाध्याय (जिनकी बोल्ड फिल्म ‘पंख’ रिलीज के लिए तैयार है) रोहित रॉय द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन करेंगे। इस बारे में सुदीप्तो का कहना है, ‘इसकी कहानी काबुलीवाला से प्रेरित है लेकिन इसे आज के हिसाब से बनाने के लिए थोड़ा ट्विस्ट किया गया है। यह कोई टीवी धारावाहिक नहीं बल्कि छोटे परदे के लिए लघु फिल्म बनने जा रही है।
इसे पहले फिल्म समाराहों में प्रदर्शित किया जाएगा, उसके बाद टीवी पर दिखाया जाएगा। हम इसे थिएटरों में प्रदर्शित करने की संभावनाएं भी तलाशेंगे। यह हमारी ओर से देश के इस महान साहित्यकार को श्रद्धांजलि होगी।