मोहाली. भारत और ऑस्ट्रेलिया सोमवार को यहां होने वाले चौथे वनडे क्रिकेट मैच में आमने-सामने होंगे। सात मैचों की सीरीज का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। जहां भारत इसे जीतकर जीत की हैट्रिक बनाना चाहेगा, वहीं ऑस्ट्रेलिया की कोशिश सीरीज में बराबरी करने की होगी। मेजबान टीम सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे है।
भारतीय टीम ने पिछले दो मैच जिस प्रभावशाली अंदाज में जीते हैं, उससे कंगारुओं के कान खड़े हो गए होंगे। भारत के बल्लेबाज तो हमेशा से विरोधी खेमे में खौफ पैदा करते रहे हैं, लेकिन पिछले दो मैचों में गेंदबाजों ने भी प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों को खूब छकाया है। युवा रवींद्र जडेजा ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे घातक साबित हो रहे हैं।
उन्होंने कंगारू कप्तान रिकी पोंटिंग को दो बार अपना शिकार बनाया है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया चोटग्रस्त खिलाड़ियों की समस्या से नहीं उबर पा रहा। इसके कारण उसके चार प्रमुख खिलाड़ी माइकल क्लार्क, ब्रैड हैडिन, नाथन ब्रेकन और कैलम फग्यरुसन तो भारत दौरे पर आ ही नहीं सके, जबकि ब्रेट ली और टिम पैन यहां से स्वदेश लौटने को मजबूर हो गए।
सकारात्मक पक्ष
भारतीय टीम का सकारात्मक पक्ष उसके बल्लेबाजों का फॉर्म में होना है। दो मैच से गेंदबाज भी लय में हैं। उधर, ऑस्ट्रेलिया का प्लस प्वाइंट पोंटिंग व माइक हसी की अच्छी फॉर्म है। पीटर सिडल भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं।
चिंता का सबब
भारत के लिए चिंता का कारण वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर की चोट हो सकती है। रंगहीन हरभजन और कमजोर फील्डिंग भी कप्तान धोनी के लिए चिंता की बात होगी। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया अपने कम अनुभवी मध्यक्रम को लेकर चिंतित होगा। ली के जाने से उसका गेंदबाजी आक्रमण भी पहले की तरह धारदार नहीं रह गया है।
होप्स भी सीरीज से बाहर
चोटग्रस्त खिलाड़ियों से परेशान चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को रविवार को तब एक और झटका लगा, जब ऑलराउंडर जेम्स होप्स भारत के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज से बाहर हो गए। वे ब्रेट ली और टिम पैन के बाद सीरीज से बाहर होने वाले तीसरे कंगारू क्रिकेटर हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा है कि होप्स स्वदेश लौटेंगे। तेज गेंदबाज क्लिंटन मैक्के टीम में उनका स्थान लेंगे। मैक्के हैदराबाद में होने वाले पांचवें वनडे से पहले टीम से जुड़ जाएंगे। वड़ोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान होप्स के पैरों की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इस कारण वे दूसरे व तीसरे वनडे मैच में नहीं खेल पाए थे।