मैनचेस्टर. डिमिटेर बेर्बाटोव व वेन रूनी द्वारा किए गए एक-एक गोल की बदौलत मैनचेस्टर यूनाइटेड ने इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में ब्लैकबर्न रोवर्स को 2-0 से हरा दिया। यहां ओल्ड टैफर्ड में पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद बेर्बाटोव ने 55वें मिनट में गोल करके यूनाइटेड को शुरुआती बढ़त दिलाई।
इसके बाद ब्लैकबर्न के पास बराबरी के कई मौके आए, लेकिन उसके फॉरवर्ड यूनाइटेड की मजबूत रक्षापंक्ति को नहीं भेद सके। निर्धारित समय से तीन मिनट पहले स्टार स्ट्राइकर वेन रूनी ने गोल करते हुए टीम की जीत पुख्ता कर दी। अन्य मुकाबलों में आर्सेनल ने टोटेनहैम को 3-0 से व फुलहैम ने लिवरपूल को 3-1 से हराया।