Other Sports
देरिबा-किटैनी ने जीती दिल्ली हाफ मैराथन
एजेंसी Monday, November 02, 2009 00:53 [IST]  

नई दिल्ली. गत चैंपियन इथोपिया के देरिबा एर्गा इजिगू और कीनिया की मैरी किटैनी ने एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में क्रमश: पुरुषों व महिलाओं की जीत ली है। पुरुषों में आर्यमान दीपचंद सहारन और महिलाओं में सुकन्या माल सबसे तेज भारतीय रहे। घुटने की चोट से उबरकर रेस में हिस्सा ले रहे देरिबा दिल्ली हाफ मैराथन में अपना खिताब बरकरार रखने वाले पहले धावक बन गए हैं।

उन्होंने शनिवार को 21.097 किमी. की यह दूरी 59.54 मिनट में नापी। भारतीय धरती पर देरिबा का यह तीसरा खिताब है। उन्होंने इस साल बेंगलुरू हाफ मैराथन में भी श्रेष्ठता साबित की थी। देरिबा के हमवतन इशेतू वेंदिमू (60.02 मि.) और कीनिया के विल्सन किप्संग (60.04 मि.) क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।

मैरी का जलवा कायम

हाफ मैराथन की विश्व चैंपियन धाविका मैरी किटैनी का जलवा यहां भी कायम रहा। कीनियाई धाविका (66.54 मि.) ने नया कोर्स रिकॉर्ड बनाते हुए महिला हाफ मैराथन में पहला स्थान हासिल किया। इथोपिया की आयिली वुड (67.58 मि.) और अबेरू केबेडे (67.59 मि.) दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं।

दीपचंद सबसे तेज भारतीय

दीपचंद सहारन पुरुषों के हाफ मैराथन में सबसे तेज भारतीय साबित हुए, हालांकि कुल मिलाकर उनका स्थान 17वां रहा। पिछले साल भारतीय वर्ग में तीसरे स्थान पर रह गए दीपचंद ने अपनी गति में तेजी लाते हुए इस साल यह दूरी 64 मिनट में पूरी की। संतोष कुमार (65.10 मि.) और सोजी मैथ्यूज (65.18 मि.) ने दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय महिलाओं में सुकन्या अव्वल

महिला हाफ मैराथन में सुकन्या माल ने सबसे तेज भारतीय होने का रुतबा हासिल किया। सुकन्या ने 80.11 मिनट में यह दूरी
नापी। वे कुल मिलाकर 22वें स्थान पर रहीं। भारतीय धाविकाओं में अनुराधा सिंह (82.07 मि.) और कमलेश बघेल (83.43 मि.) दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं।

विजेताओं पर हुई धनवर्षा

दुनिया की सर्वाधिक इनामी राशि (2,10,000 अमेरिकी डॉलर) वाली इस हाफ मैराथन के विजेताओं को 25-25 हजार डॉलर का पुरस्कार मिला। भारतीय विजेताओं को 4-4 हजार डॉलर मिले। इससे पहले भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इसमें 266 विदेशियों सहित कुल 8, 429 धावकों ने हिस्सा लिया।
  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: