चंडीगढ़. प्रशासन के ऑर्किटेक्चर विभाग ने सेक्टर-38 सी में बनने वाले महिला भवन का प्लान मंजूर कर दिया है। जल्द ही नगर निगम इसका एस्टीमेट बनाएगा। नगर निगम की पूर्व मेयर हरजिन्दर कौर ने अप्रैल—2007 में शहर में महिला भवन बनाए जाने का प्रस्ताव प्रशासन की को—ऑर्डिनेशन कमेटी की मीटिंग में रखा था।
इसके बनाए जाने से महिलाएं अपनी गतिविधियां चला सकेंगी। इसपर प्रशासन के आला अधिकारियों ने चीफ ऑर्किटेक्ट को जगह तलाशने के निर्देश दे दिए थे। इसकी तलाश भी नगर निगम के सेक्टर—38 बी में फायर स्टेशन के पास पड़े प्लांट पर बनाए जाने की सिफारिश करके पूरी कर दी थी। बाद में इस जमीन पर निगम से अतिक्रमण संबंधी रिपोर्ट मांगी गई। इसके क्लीयर होने पर पिछले साल निगम को जमीन अलॉट की गई।
इसके फौरन बाद नगर निगम की ओर से बिल्डिंग प्लान बनाकर ऑर्किटेक्चर विभाग को सौंपा गया था। जिसे ऑर्किटेक्चर विभाग ने जून-2009 में नगर निगम को प्लान यह कहकर वापस लौटा दिया कि मौके पर 40-45 गज जमीन कम है, इसलिए दोबारा से प्लान बनाकर भेजा जाए। इसपर निगम ने एरिया के हिसाब से प्लान बनाकर भेजा जिसे चार दिन पहले मंजूर करके निगम को भेजा गया। चीफ इंजीनियर का कहना है कि महिला भवन का एस्टीमेट अप्रूव होने के बाद टेंडर किया जाएगा। इसके बाद ही भवन का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
छह करोड़ होंगे खर्च
प्लान के मंजूर होते ही निगम के अधिकारियों ने महिला भवन का एस्टीमेट बनाने पर काम शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि इसपर करीब 6 करोड़ खर्च आएगा। मेयर कमलेश का कहना है कि वित्त वर्ष 2009—2010 में महिला भवन पर जितना भी खर्च होगा उसका अधिकारियों द्वारा जल्द एस्टीमेट बनाया जाएगा। इसी माह में भवन का शिलान्यास रखा जाएगा।