Chandigarh
रंगारंग कार्यक्रम ने चुनावी थकान उतारी
भास्कर न्यूज Monday, November 02, 2009 03:05 [IST]  

चंडीगढ़. चुनावी तनाव, परिणाम आशानुरूप नहीं, विधानसभा में विश्वासमत, मंत्रिमंडल का गठन जैसे तनावपूर्ण माहौल के बीच मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को राजभवन में हरियाणा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में तनावमुक्त नजर आए। राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया की मौजूदगी में इस कार्यक्रम में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सहित प्रमुख राजनेता भी मौजूद थे।

चुनाव के बाद यह पहला रंगारंग कार्यक्रम था। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक एवं मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ.केके खंडेवाल की देखरेख में इस कार्यक्रम को विशेष रूप से तैयार किया गया था। कलाकरों ने लोकगायन के माध्यम से हरियाणा की महान परंपरा को उजागर किया तो गुंगा धमोड़ा, अतुल्य हरियाणा, हरियाणवी नृत्य खोडिया एवं सांस्कृतिक दर्शन कराने वाले गीतों के साथ नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

राज्यपाल पहाड़िया ने प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है जो खाद्यान्नों के उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। उन्होंने कलाकारों को दो लाख 51 हजार रुपए देने की घोषणा की एवं 58 कलाकारों को सम्मानित किया। हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश लगातार प्रगति की सीढ़ी चढ़ रहा है। उनकी प्राथमिकताओं में रोजगार,बिजली व आम आदमी का जीवन स्तर सुधारने के लिए उम्दा कदम उठाना होगा।

1500 स्किल्ड डवलपमेंट सेंटर

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए प्रदेशभर में 1500 स्किल्ड डवलपमेंट सेंटर स्थापित करने के साथ-साथ सभी स्कूलों में विज्ञान विषय में बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए विज्ञान शिक्षा मिशन बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्र्तगत चार लाख श्रमिकों को शामिल किया जाएगा तथा सभी अस्पतालों का आधुनिकीकरण तथा प्रदेश में स्वास्थ आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए 1500 करोड़ रुपए का एक नया कार्यमक्रम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रस्तुत घोषणा पत्र में जो विकास और जनकल्याण का विजन जनता के सामने रखा है उसे हकीकत में बदलने के लिए राज्य सरकार वचनबद्ध है।

इन्हें मिला अवार्ड

आजीवन पुरस्कार केसी शर्मा, उषा शर्मा, लखमीचंद अवार्ड महाबीर सांघी व जहूरमीर,,बैस्ट एक्टर शरीफकाला, संगीतकार ताहिर हुसैन, गजेसिंह, नृत्य रतन भारती, फौजी जाट मेहर अवार्ड धर्मबीर, गायक में अजीत कौर, रिदम प्लेयर मदन व मजीत खान, म्यूजिक कंपोजर के लिए पदमजीत सहरावत, व बल्ले मोमियां का अवार्ड दिया गया है। इस प्रकार अरविंद शर्मा, मंजीत बावा, हरविंद्र मलिक, रघुविन्द्र मलिक व रवि शर्मा को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: