चंडीगढ़. पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में कंप्यूटर साइंस के प्रोफेसर भूपिंदर सिंह ने अपने घर पर पंखे की हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह 52 वर्षीय भुपिंदर को पंखे से लटकता देख पड़ोसी ने पुलिस को खबर दी। भूपिंदर सिंह पिछले दो दिनों से घर पर अकेले थे।
उनकी पत्नी अमृत कौर और बेटी हनी बड़ी बेटी डॉली से मिलने उसके ससुराल गुड़गांव गए हैं। पुलिस का कहना है कि भूपिंदर पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्रोफेसर ने शनिवार रात 9 बजे के आसपास फंदा लगाया, क्योंकि इसके बाद उन्होंने कोई फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस ने उनकी पत्नी अमृता को जानकारी दे दी है।
एसआई ऊषा के मुताबिक प्रोफेसर का अपने नजदीकी रिश्तेदार से विवाद चल रहा था। पिछले वर्ष पेक के ही प्रोफेसर संजीव सौफत ने प्रोफेसर भूपिंदर के खिलाफ साइबर सेल में आपत्तिजनक ईमेल भेजने की शिकायत दी थी। यह केस अभी साइबर सेल में विचाराधीन है। प्रोफेसर भूपिंदर सिंह की मौत पर पेक के शिक्षक हैरान थे। अपने व्यवहार और एकेडेमिक रिकॉर्ड की वजह से वह शिक्षकों के बीच खासे लोकप्रिय थे। हालांकि कुछ अर्सा पहले उनकी पीएचडी डबल डिग्री को लेकर विवाद भी हुआ था।