जयपुर. सीतापुरा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के तेल टर्मिनल में हुए धमाके से कई फैक्ट्रियां धराशायी हो गईं, वहीं कई में आग लग गई। रविवार को सभी उद्योगपति सीतापुरा पहुंचे तथा अपनी—अपनी फैक्ट्रियों में हुए नुकसान का जायजा लिया। सभी के आकलन के बाद सामने आया कि धमाके के साथ ही फैक्ट्रियों में छह सौ करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
सीतापुरा औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.के. काबरा ने बताया कि पहले दिन छह सौ करोड़ का नुकसान हुआ तथा उसके बाद रोजाना दो सौ करोड़ का नुकसान हो रहा है। बाद में सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन की ओर से मुआवजे की मांग को लेकर रीको कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन भी किया गया।
एसोसिएशन के महासचिव नरेश कंदोई ने बताया कि उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में 800 निर्यातक इकाईयां है। उद्योगपति मुआवजा देने तथा जल्दी से जल्दी फैक्ट्रियों को खोलने की अनुमति देने की मांग को लेकर आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि इस दौरान उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक मौके पर पहुंचे। मंत्री ने बताया कि आईओसीएल के अधिकारियों व इंश्योरेंस कंपनी को साथ बैठाया जाएगा और नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी।