
कश्मीर में ‘लम्हा’ फिल्म की शूटिंग करते हुए बिपाशा बसु सुरक्षा में तैनात पुलिस वालों से घिरी रहीं। आसपास खाकी देखकर बिप्स बेबी का मूड उखड़ रहा था, जिसे भांपकर फिल्म के निर्माता बंटी वालिया ने सुरक्षा घेरा कम कराया।
कभी-कभी सुंदरता भी मुसीबत बन जाती है। यह बात कश्मीर में फिल्म ‘लम्हा’ की शूटिंग कर रही बिपाशा बसु भी अच्छे से समझ चुकी हैं। बताते हैं कि फिल्म की यूनिट को राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा प्रदान की गई है, लेकिन बिपाशा को खाकी वर्दीधारियों ने कुछ ज्यादा ही घेर रखा था। इससे त्रस्त होने का अहसास उनके चेहरे पर साफ देखा जा सकता था। वह तो भला हो फिल्म के निर्माता बंटी वालिया का, जिन्होंने मौके की नजाकत को समझते हुए बिप्स बेबी का सुरक्षा घेरा कुछ ढीला कराया।
घटना का जिक्र करते हुए बंटी ने बताया, ‘लंबे समय बाद घाटी में इतने वृहद स्तर पर और मल्टीस्टारर फिल्म की शूटिंग हो रही है। ऐसे में जहां भी शूटिंग हो रही होती थी, स्थानीय लोग उस स्थान को घेर लेते थे। यह देखकर हमारी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। उस दिन भी कुछ ऐसी ही स्थिति थी। लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ रहा था। इसे देखते हुए सुरक्षा दस्ते ने बिपाशा के इर्द-गिर्द अपना घेरा सख्त कर दिया था, जो उन्हें कतई रास नहीं आया। यह देखकर मुझे हस्तक्षेप करना पड़ा, तब कहीं जाकर बिपाशा को राहत मिली।’