"टिपिकल भिंडी बाजार का लड़का"
पायल प्रुथि Monday, November 02, 2009 11:36 [IST]  

jjमधुर भंडारकर की ‘जेल’ फिल्म में अहम किरदार निभाने वाले आर्य बब्बर को लगता है कि सही मायनों में यही उनकी डेब्यू मूवी है। उन्हें इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।

जल्द ही प्रदर्शित होने जा रही मधुर भंडारकर की फिल्म ‘जेल’ में आर्य बब्बर ने भी एक अहम भूमिका निभाई है, लेकिन वह इसके बारे में ज्यादा बात करने के लिए तैयार नहीं हैं। इस बारे में कुरेदने पर उनका सिर्फ यही कहना होता है, ‘मधुर ने मुझे फिल्म की रिलीज तक इसके बारे में बात करने के लिए मना किया है।

अपने किरदार के बारे में सिर्फ इतना ही बता सकता हूं कि मैंने इसमें कबीर मलिक का किरदार निभाया है। यह एक टिपिकल भिंडी बाजार का लड़का है जो जेल के अंदर से ही अंडरवर्ल्ड की गतिविधियां चलाता है और नील नितिन मुकेश को भी इसमें घसीटना चाहता है। इसमें नील, मुग्धा गोडसे और मनोज वाजपेयी के अलावा मेरा किरदार भी अहम है। इसमें मेरे ज्यादातर शॉट्स नील के साथ ही हैं।’

वैसे यह थोड़ा अजीब लगता है कि इस फिल्म में अहम किरदार में होने के बावजूद आर्य बब्बर इसकी पब्लिसिटी का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उन्हें इससे कोई शिकायत नहीं है। इस बारे में उनका कहना है, ‘मैं जानता हूं कि इस फिल्म के संदर्भ में फिलहाल सिर्फ नील, मुग्धा और मधुर ही चर्चा में हैं।

न तो मनोज (वाजपेयी) और न ही मैं इसके प्रमोशन का हिस्सा हैं। मुझे इसका ठीक-ठीक कारण तो पता नहीं है, लेकिन लगता है कि यह प्रोडक्शन हाउस की सोची-समझी रणनीति है। वे मेरे किरदार के बारे में रहस्य रखना चाहते हैं। लेकिन लोग मुझे पोस्टर में देखेंगे।’

गौरतलब है कि आर्य की पहली फिल्म ‘अब के बरस’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी। वह मधुर की इस फिल्म को ही सही मायनों में अपना पहला ब्रेक मानते हैं। आर्य कहते हैं, ‘अपनी पहली फिल्म करते वक्त मैं सिर्फ १९ साल का था। उस समय मुझे सही-गलत की समझ नहीं थी।

आज मैं २७ साल का हूं और जानता हूं कि मैं क्या कर रहा हूं। मुझे पता है कि लोग इस फिल्म को मेरे कमबैक के तौर पर देखेंगे, लेकिन मुझे लगता है ‘जेल’ के जरिए ही सही मायनों में मेरा पदार्पण हो रहा है। इस फिल्म से मुझे काफी उम्मीदें हैं।’
  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: