इमरान के मामू के साथ काम करना है...

मशहूर वीजे शहनाज ट्रेजरीवाला अब फिल्मी मोर्चे पर भी सक्रिय हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले आई ‘आगे से राइट’ के बाद अब उनकी अगली फिल्म ‘रेडियो- लव ऑन एयर’ रिलीज होने वाली है। उन्होंने इस फिल्म के अलावा अपनी बॉलीवुड योजनाओं के बारे में हमसे चर्चा की।
आपकी पिछली फिल्म ‘आगे से राइट’ ज्यादा नहीं चली, ऐसे में ‘रेडियो’ से काफी उम्मीदें होंगी?
< ‘आगे से राइट’ में मेरा छोटा सा रोल था, लेकिन ‘रेडियो- लव ऑन एयर’ के लिए मैंने बहुत मेहनत की है। भगवान से प्रार्थना करती हूं कि यह फिल्म सफल रहे।
आपके पहले सहकलाकार शाहिद कपूर आज सुपरस्टार हैं। क्या आप दोनों आज भी संपर्क में हैं?
< ‘इश्क विश्क’ करते समय शाहिद और मैं बहुत छोटे थे। हालांकि शाहिद की तमन्ना शुरू से ही एक्टर बनने की रही है। आज उन्हें जो स्टारडम मिला है, वह उसके हकदार हैं। मुझे याद है कि उन्होंने एक बार मुझसे वीजेइंग से इतर अभिनय पर पूरा ध्यान केंद्रित करने को कहा था। आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि उनके पास पहले से ही एक विजन था, जो मेरे पास नहीं था।
एक सहकलाकार के तौर पर हिमेश कैसे हैं?
< हिमेश मेहनती और जीवन के प्रति सकारात्मक नजरिया रखने वाले शख्स हैं। उनका एनर्जी लेवल कमाल का है। वह मध्यवर्गीय मूल्यों को मानने वाले सिंपल ‘गुज्जू’ बॉय की तरह हैं। मुझे लगता है कि लोग उन्हें अब तक पूरी तरह समझ नहीं पाए हैं।
आप आमिर खान की फिल्म ‘देल्ही वेली’ में भी काम कर रही हैं। इसमें इमरान खान के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करना कैसा लगा?
< इमरान एक शर्मीले और अंतमरुखी स्वभाव के हैं। वह अपने काम को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। मुझे उनके मामू (आमिर खान) भी बहुत अच्छे लगते हैं और उम्मीद करती हूं कि उनके साथ भी काम करने का मौका मिलेगा।