रणबीर कपूर बनें कवर बॉय, समीरा की साड़ी की मुश्किल, आदर्श बहु एश्वर्या और रिया सेन को झटका....... भास्कर डॉट कॉम लाया है आपके लिए खास चटखारेदार खबरों का एक खास कैप्सूल।

भीगी साड़ी में पैर उठाना मुश्किल !!!
समीरा रेड्डी की गिनती इंडस्ट्री की ग्लैमरस नायिकाओं में होती है। माना जाता है कि वह जो भी पोशाक पहनती हैं, वह उन पर फबती है। लेकिन प्रियदर्शन की अगली फिल्म के कुछ दृश्यों के लिए समीरा को आठ किलो वजनी साड़ी पहननी पड़ी, जो उनके लिए सिरदर्द बन गई। बताते हैं कि दिक्कत तब शुरू हुई जब अचानक बरसात आ गई और उसमें भीगने के बाद यह साड़ी इतनी भारी हो गई कि समीरा को पैर उठाना तक मुश्किल हो गया।

युवा रणबीर
रणबीर कपूर इंडस्ट्री के उन उभरते नायकों में से हैं, जिन पर उम्मीदों का भारी बोझ है। वह युवाओं के आदर्श हैं और संभवत: इसीलिए नई लांच होने वाली एक पत्रिका ‘युवा’ ने उन्हें अपने कवर बॉय के रूप में पेश किया है। यही नहीं पत्रिका में रणबीर ने जो साक्षात्कार दिया है, उसमें उन्होंने अपने जीवन से जुड़ी कई बातों का खुलासा किया है। साथ ही इस मौके का फायदा उठाते हुए रणबीर ने अपने से जुड़े कई विवादों पर भी स्थिति स्पष्ट की है।

फरवरी से रेस 2
अब्बास-मस्तान अपनी सफल फिल्म ‘रेस’ का सीक्वल बनाने को तैयार हैं। मूल फिल्म के कलाकारों में से सैफ अली खान और अनिल कपूर को इसके लिए साइन कर लिया गया है। इस सीक्वल की शूटिंग अगले वर्ष फरवरी से शुरू होगी और तब तक शेष कलाकारों को भी फाइनल कर लिया जाएगा। चर्चा है कि अब्बास-मस्तान इस सीक्वल को और भी भव्यता के साथ फिल्माना चाहते हैं।

रिया को झटका
सुभाष घई की पार्टी उसमें शामिल होने वाले बालीवुड दिग्गजों के साथ-साथ शाहरुख और सनी देओल के कारण भी चर्चा में रही। अब इसकी चर्चा होने का कारण पार्टी में मौजूद रिया सेन के साथ घई साहब का व्यवहार है। एक मेहमान के मुताबिक सुभाष घई ने रिया सेन को नजरअंदाज कर दिया। वह तो पार्टी में मौजूद अशिमा भल्ला ने उन्हें कंपनी देकर उनकी झिझक को कुछ कम करने का काम किया।

आदर्श बहू ऐश
ऐश्वर्या राय पिछले दिनों मणिरत्नम की फिल्म ‘रावण’ की शूटिंग पूरी करके लौटी हैं। बताते हैं कि लौटते ही उन्होंने ‘पा’ फिल्म के प्रचार और मार्केटिंग की योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। ऐश्वर्या चाहती हैं कि एबी कॉर्प की इस फिल्म में कहीं कोई चूक नहीं रह जाए। उनकी इस फिल्म में दिलचस्पी की एक वजह ससुर अमिताभ बच्चन और पति अभिषेक बच्चन का होना भी है। बताते हैं कि ऐश चाहती हैं कि ‘पा’ फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफल रहे, बल्कि बच्चन परिवार के होम प्रोडक्शन की री-लांचिंग के लिए लकी भी साबित हो।