ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 24 रनों से हराया
शेनवाटसन (3/39) और डगलस बोलिंगर (3/38) की शटिक गेंदबाजी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने चौथे वनडे में भारत को 24 रनों से हराकर सात मैचों की सीरीज में 2-2 की बराबरी हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने पहले तो 250 रन बनाए और बाद में टीम इंडिया को 46.4 ओवर में 226 रनों पर समेट दिया।
भारत की ओर से सहवाग (30) और सचिन (40) ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। तेज गति बनाए रखने के प्रयास में सहवाग 30 रनों पर आउट हो गए। बाद में सचिन ने एक छोड़ संमालते हुए 40 रनों की पारी खेली। सचिन भी कैरियर के 17000 रन से मात्र सात रन दूर होत्जि की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। सचिन के आउट होते ही मध्यक्रम भी लड़खड़ा गया।
युवराज (12), धोनी (26), रैना (17) और जडेजा (7) जल्दी-जल्दी आउट हो गए। बाद में हरभजन (31) और प्रवीण (16) ने थोड़ी उम्मीद बनाई थी। लेकिन कंगारुओं ने उम्मीद पर पानी फेर दिया। इससे पूर्व आशीष नेहरा (3/37), हरभजन सिंह (2/48) की गेंदबाजी की बदौलत भारत ने चौथे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया की पारी 49.2 ओवर में 250 रन पर समेट दी। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून व्हाइट ने 62, पोंटिंग ने 52, शेन वाटसन ने 49 और माइक हसी ने 40 रन बनाए।
उसके चार बल्लेबाज रन आउट हुए। भारत ने यहां के पीसीए स्टेडियम पर सोमवार को टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। बल्लेबाजों की मददगार पिच पर शुरुआती घंटे में गेंदबाजों को मदद मिली और भारत ने इसका फायदा उठाते हुए पहले 10 ओवर में सिर्फ 37 रन खर्च किए। इस दौरान आशीष नेहरा ने शॉन मार्श को आउट किया।
24 रन पर पहला विकेट झटकने वाली भारतीय टीम को दूसरी कामयाबी के लिए 88 रन तक इंतजार करना पड़ा। वाटसन (49) और रिकी पोंटिंग (52) ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़कर टीम के लिए मजबूत नींव तैयार की। इस जोड़ी को खतरनाक होता देख कप्तान धोनी ने हरभजन को गेंद थमाई।
यह बदलाव रंग लाया और भज्जी ने पहली ही गेंद पर वाटसन को चलता कर दिया। उधर, पोंटिंग पर इस झटके का कोई प्रभाव नहीं पड़ा और वे दूसरे छोर पर जमकर बल्लेबाजी करते रहे। 56 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करने वाले ‘पंटर’ फिर रवींद्र जडेजा के शिकार हुए।
सीरीज में पोंटिंग को दो बार आउट कर चुके जडेजा ने इस बार उन्हें रन आउट किया। 123 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए माइक हसी (40) ने एक बार फिर बढ़िया बल्लेबाजी की। उन्हें कैमरून व्हाइट का अच्छा साथ मिला। 68 गेंदों पर 73 रन की साझेदारी करने वाली इस जोड़ी के टूटते ही ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई। ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट 196 और पांचवां 217 रन पर गिरा।
महंगा पड़ा पॉवरप्ले : ऑस्ट्रेलिया के लिए बैटिंग पॉवरप्ले महंगा साबित हुआ। मेहमान टीम ने जब यह पॉवरप्ले लिया तो उसका स्कोर पांच विकेट पर 221 रन था, लेकिन इसके खत्म होने तक वह नौ विकेट (248 रन) गंवा चुका था। उसने तीसरे पॉवरप्ले में 27 रन बनाने के लिए चार विकेट गंवाए।
भारत की शानदार फील्डिंग : ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर से रोकने में भारत की फील्डिंग की अहम भूमिका रही।
उसने प्रतिद्वंद्वी टीम के लिए अर्धशतक बनाने वाले दोनों बल्लेबाजों पोंटिंग व व्हाइट को रन आउट किया। ये दोनों क्रमश: जडेजा और आशीष नेहरा के सीधे थ्रो सेआउट हुए। ग्राहम मनोऊ और डग बोलिंगर भी रन आउट हुए।










