इस्लामाबाद. वजीरिस्तान में संघर्ष में तेजी आने के साथ ही पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को तहरीक-ए-तालिबान के प्रमुख हकीमुल्ला मेहसूद सहित 19 आतंकियों पर घोषित इनामी राशि बढ़ाकर 41 करोड़ रुपए (पांच मिलियन डॉलर) कर दी है।
सरकार ने इनाम से संबंधित एक विज्ञापन ‘डेली न्यूज’ अखबार के प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित किया है। इसे टीवी चैनलों पर भी दिखाया जाएगा। हकीमुल्ला और उसके करीबी सहयोगी वलीउर रहमान व कारी हुसैन के सिर पर पांच-पांच करोड़ रुपए के इनाम का ऐलान किया गया है। रहमान और हुसैन आत्मघाती हमलावर तैयार करने के लिए कुख्यात हैं।
विज्ञापन में कहा गया है, ‘जो कोई भी इन आतंकियों के बारे में पुख्ता सूचना देगा या फिर इन्हें जिंदा व मुर्दा पकड़कर लाएगा , उसे सरकार नगद इनाम देगी। साथ ही सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।’