नई दिल्ली. भूमि अधिग्रहण के एक मामले में महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर खुलकर बातें की है। बिग बी ने इस पूरे मामले की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कड़े तेवर दिखाए हैं।
उन्होंने लिखा है कि पिछले दिनों सुर्खियों में आया भूमि अधिग्रहण मामला सघन जांच के बाद मीडिया के सामने है। 500 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े के एक अन्य मामले में भी कुछ रोचक कहानियां बनती दिख रही हैं। यह धुएं से जिन्न के अवतार लेने की कहानी की भांति है। कैसे प्रतिशोध और ताकत काल्पनिक आधार पर किसी को सूली पर चढ़ा देती है और इन औजारों से व्यक्ति की विश्वसनीयता खत्म कर दी जाती है यह इसका प्रमाण है।
अमिताभ बच्चन ने कहा है कि अमर सिंह और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने वाले पुलिस निरीक्षक के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया गया है। उन्होंने लिखा है कि ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस निरीक्षक आपराधिक छवि का था और उसे मामला दर्ज करने के एक घंटा पहले ही वहां नियुक्त किया गया था। मीडिया से शिकायती लहजे में बिग बी ने लिखा है कि मेरे कथित अपराध और आरोप को हेडलाइन बनाया जाएगा, लेकिन मेरे निर्दोष होने की खबर को छोटी सी जगह दे दी जाएगी।