वाशिंगटन. अब वो दिन दूर नहीं जब पैसे खर्च करने वाले लोग अपना हनीमून अंतरिक्ष में मनाया करेंगे। जी हां अगर सबकूछ ठीक रहा तो 2012 तक अंतरिक्ष में गलैक्टीक सूइट स्पेस रिसोर्ट नाम का ऐसा होटल बनकर तैयार हो जाएगा, जो यात्रियों को अंतरिक्ष की मनोहारी दृश्यों के साथ ही अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा।
इस होटल में ठहरने की चाह रखने वालों को तीन दिन के लिए 2.7 मिलियन डॉलर खर्च करना होगा। होटल में ठहरने के लिए वसूले जाने वाले किराए में अंतरिक्ष में रहने के लिए जरूरी ट्रेनिंग का खर्च भी शामिल है। होटल में ठहरने के दौरान लोग एक दिन में 15 बार सूर्योदय देख सकेंगे और हर 80 मिनट में वे पूरी दुनिया का चक्कर लगा रहे होंगे। इस दौरान लोगों को एक विशेष प्रकार का वेलक्रो सूट पहनना होगा। यह सूट स्पाइडर मैन की तरह का होगा, जिसकी सहायता से यात्री होटल की दीवार से चिपके रहेंगे।
इस प्रोजेक्ट के आलोचकों की भी कमी नहीं है। आलोचकों का कहना है कि सिर्फ ऐसो आराम के लिए इतना अधिक धन लगाना जायज नहीं। वहीं होटल बना रही कंपनी गैलेक्टिक सूट स्पेस रिसॉर्ट लिमिटेड के सीईओ जेवियर क्लारामुन्ट का कहना है कि भविष्य में अंतरिक्ष पर्यटन एक आम बात हो जाएगी। इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं है और इसे भुनाने के लिए हम तैयारी कर रहे हैं।
स्पेस में वीकेंड
जेवियर ने कहा, ‘यह एक बहुत साधारण सी सोच है कि आपके बच्चे संभवत: 15 साल में वीकेंड बिताने अंतरिक्ष की सैर पर जा सकते हैं।’ अंतरिक्ष में पर्यटन की शुरुआत करने के लिए अमेरिका के न्यू मेक्सिको में निर्माण कार्य जारी है। यहीं से अंतरिक्ष सैलानी रॉकेट में सवार होकर पृथ्वी से 450 किलोमीटर दूर कक्षा में पहुंचेंगे। एक यान में दो पायलटों के साथ चार सैलानी जा सकेंगे। तीन दिन बाद इन्हें एक ट्रांसपोर्ट रॉकेट की मदद से धरती पर वापस लाया जाएगा। इस रोमांचक सफर के लिए 200 लोगों ने दिलचस्पी दिखाई है, जिनमें से 43 की सीट बुक की जा चुकी है।