जीत के इरादे से उतरेगा मप्र
इंदौर. मध्यप्रदेश रणजी ट्रॉफी प्लेट समूह के ग्रुप बी में हरियाणा के खिलाफ मंगलवार से अपना अभियान आरंभ करेगा। चारदिवसीय मुकाबले में एमरल्ड हाइट्स मैदान पर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। ऋषिकेश कानिटकर की कप्तानी वाली मध्यप्रदेश टीम ने अपने 15 सदस्यीय रणजी टीम में 2 बदलाव किए हैं।
मध्यप्रदेश टीम में अंकित शर्मा की जगह राहुल बक्षी को और जफर अली के स्थान पर आनंद सिंह को शामिल किया है। अंकित और जफर अंडर-22 मुकाबले में हिस्सा ले रहे हैं।
टीम में हरप्रीतसिंह भाटिया को नए चेहरे के रूप में जगह मिली है। हरप्रीत के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें होंगी। हरप्रीत ने पिछले सप्ताह कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी अंडर-22 में त्रिपुरा के खिलाफ दोहरा शतक जमाया था। आईसीएल से वापसी के बाद टीम में शामिल अब्बास अली, टी. सुधींद्र और मोहनीश मिश्रा के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।
मध्यप्रदेश रणजी टीम में शामिल खिलाड़ियों का हालिया प्रदर्शन सराहनीय रहा है और इस टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं सन्नी सिंह की कप्तानी वाली हरियाणा टीम को स्टार गेंदबाज योगेंद्र शर्मा, राहुल धीमान, यजुवेंद्र चहल, संजय बधवार की मौजूदगी में कमतर नहीं आंका जा सकता। हरियाणा के आक्रमण का दारोमदार तेज गेंदबाज संजय बधवार, जितेंद्र बिल्ला और सचिन राणा संभालेंगे वहीं स्पिन विभाग अंकित रावत और यजुवेंद्र चहल के जिम्मे होगा।
सोमवार को मध्यप्रदेश ने एमरल्ड हाइट्स मैदान पर जमकर अभ्यास किया वहीं हरियाणा की टीम ने उषाराजे क्रिकेट सेंटर पर आयोजित अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया।
हरियाणा टीम : राहुल धीमान, सन्नी सिंह (कप्तान), अंकित रावत, नितिन चैनी, रोहित सबरवाल, सचिन राणा, योगेंद्र शर्मा, यजुवेंद्र चहल, संजय बधवार, जितेंद्र बिल्ला, ललित, अभिषेक, विशाल साहनी, मानव शर्मा, ध्रुव सिंह, सुमित ।
मध्यप्रदेश टीम : ऋषिकेश कानिटकर (कप्तान), नमन ओझा, जलज सक्सेना, अब्बास अली, देवेंद्र बुंदेला, मोहनीश मिश्रा, हरप्रीतसिंह भाटिया, मुर्तजा अली, संजय पांडे, टी. सुधींद्र, आनंद राजन, शांतनु पित्रे, श्रीधर अय्यर, राहुल बक्षी, आनंद सिंह।










