Other Sports
फाइनल में पहुंची 3 भारतीय बॉक्सर
एजेंसी Tuesday, November 03, 2009 00:47 [IST]  

हनोई (वियतनाम). खेल रत्न एमसी. मैरीकॉम सहित तीन भारतीय महिला मुक्केबाज एशियन इंडोर गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग के फाइनल में पहुंच गई हैं। मैरीकॉम ने 46 किग्रा. का सेमीफाइनल जीता, जबकि सरिता देवी ने 54 किग्रा. और एन. उषा ने 57 किग्रा. भारवर्ग के अंतिम चार के मुकाबले जीते।



चार बार की विश्व चैंपियन मैरीकॉम के लिए फाइनल की राह आसान नहीं रही और फिलीपींस की जोसी गाबुको को हराने के लिए उन्हें कड़ा संघर्ष करना पड़ा। सोमवार को यहां खेले गए सेमीफाइनल के पहले राउंड में उन्होंने 2-1 की बढ़त बनाई। दूसरे राउंड में कोई भी खिलाड़ी अंक नहीं जुटा सकीं।



तीसरे राउंड में भारतीय बॉक्सर ने चार और अंक जुटाए, जबकि जोसी को केवल एक अंक मिला। इसके बाद चौथे व अंतिम राउंड में मैरीकॉम ने एक और अंक जुटाते हुए यह मुकाबला 7-2 से जीत लिया। फाइनल में उनका मुकाबला वियतनाम की हुआ नागुई थि से होगा। दूसरी ओर, सरिता देवी ने स्थानीय खिलाड़ी चुंग गो थि को एकतरफा मुकाबले में 25-3 से हरा दिया।
स्वर्ण पदक के लिए उनका मुकाबला चीन की क्विन झांग से होगा। उषा ने भी प्रभावशाली अंदाज में फाइनल में जगह बनाई।



उन्होंने सेमीफाइनल में मेजबान वियतनाम की लिएन डोन को 15-2 से मात दी। फाइनल में उनका मुकाबला थाईलैंड की पीमविलाई लाओपीम से होगा। उधर, 51 किग्रा. भारवर्ग में भारत की छोटो लाउरा को हार झेलनी पड़ी। फिलीपींस की एनी अल्बानिया ने उन्हें 6-0 से शिकस्त दी।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: