बैंकाक. अच्छी शुरुआत के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम महिला हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट में मंगलवार को चीन के खिलाफ उतरेगी तो उसका इरादा सेमीफाइनल में जगह बनाने का होगा। चीन पर जीत दर्ज करने के साथ भारत अंतिम चार में पहुंच जाएगा। हारने के बावजूद भारतीय टीम सेमीफाइनल की दौड़ में बरकरार रहेगी। ऐसे में उसे ग्रुप ए के आखिरी मैच में मलेशिया को हराना होगा।
टीम के संतुलन को देखते हुए चीन का पलड़ा भारी माना जा रहा है। पिछले ओलिंपिक में उसने रजत और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा एफआईएच रैंकिंग में वे तीसरे स्थान पर है। भारतीय कोच एमके कौशिक ने हालांकि कहा हमारी टीम जीत के लिए ही खेलेगी जिससे पिछली बार इस टूर्नामेंट में कांस्य पदक के लिए खेले गए प्ले ऑफ मूुकाबले में मिली 2-4 से हार का बदला चूकता हो जाएगा। इस चरण पर जीत दर्ज करने से हमारा मनोबल बढ़ेगा। टूर्नामेंट में अब तक टीम के प्रदर्शन से कोच उत्साहित हैं।
भारत ने सिंगापुर को 13-0 से हराने के बाद थाईलैंड को 15-0 से मात दी। अभ्यास मैच में उसने गत चैंपियन जापान को 1-0 से शिकस्त दी थी। पहले दो मैचों की तुलना में भारत को काफी अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि अब उसका सामना ओलिंपिक, विश्वकप और चैंपियंस ट्रॉफी की एलीट लीग में शामिल चीन से है।
गोलकीपिंग पर भारत को खास मेहनत करना होगी जो उसका सबसे कमजोर पक्ष रहा है। कौशिक ने कहा हमें इसमें सुधार करना होगा। हमने हर हाफ में एक अलग गोलकीपर को उतारने का फैसला किया है। दूसरी ओर आखिरी ग्रुप मैच में मलेशिया को 4-0 से हराने वाले चीन ने सिंगापुर को 13-0 से मात दी थी।