लंदन. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जंक फूड खाने से आप तनावग्रस्त हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो लोग नियमित रूप से उच्च वसा युक्तखाना, प्रसंस्कृत भोजन, खाने के बाद मेवे और मिठाइयां लेते हैं उनकी तनावग्रस्त होने की संभावना 60 फीसदी हो सकती है। वहीं दूसरी और फल, सब्जियां और मछली खाने वालों में इसकी संभावना बहुत कम होती है।
ब्रिटिश जर्नल ऑफ साईकैटरी में प्रकाशित शोध में 3846 पुरुषों और महिलाओं के संबंध में डाटा एकत्र किया गया था। इनकी उम्र करीब 55 वर्ष थी। यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं में से एक डॉ. एरिक ब्रूनर ने बताया कि यहां व्यायाम सहित जीवन शैली के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया गया। लेकिन स्वस्थ आहार जीवन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रतिभागियों ने अपनी खान-पान की आदतों संबंधी एक प्रश्नावली भरी और स्वयं अवसाद की रिपोर्ट बनाई। जिसका पांच साल बाद आकलन किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि ज्यादा मात्रा में प्रसंस्कृत भोजन या जंक फूड खाने से पांच साल बाद अवसाद की संभावना 58 फीसदी थी।
शोधकर्ताओं का मानना है कि फलों और सब्जियों में उच्च स्तर पर पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडैंट तनावग्रस्त होने से बचाते हैं। रोजाना एकल पोषक तत्व वाले खाने की बजाय अलग-अलग तत्वयुक्त आहार लेने चाहिए। जरूरत से कम खाना खाने की आदत भी शरीर को और अधिक तनाव में डाल सकती है।