इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री युसफ रजा गिलानी ने कहा है कि कश्मीरी जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप पाकिस्तान कश्मीर मसले का समाधान जल्द चाहता है, क्योंकि क्षेत्र में स्थाई शांति के लिए यह बहुत जरूरी है।
पाक अधिकृत कश्मीर के राष्ट्रपति राजा जुल्क रनैन खान और नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री राजा मुहम्मद फारूक हैदर के साथ सोमवार को हुई बैठक के दौरान गिलानी ने यह बात कही।
आधिकारिक बयान में गिलानी के हवाले से कहा गया है ‘‘कश्मीर के मुद्दे पर पूरा देश एकजुट है और क श्मीरी जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप पाकिस्तान इस मसले का जल्द समाधान चाहता है, क्योंकि यह क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए जरूरी है।
बयान में कहा गया है कि कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का सैद्धांतिक रुख अपरिवर्तित है और कश्मीर की जनता को राजनीतिक, नैतिक और राजनयिक समर्थन जारी रखेगा। विश्व के कई नेताओं के साथ हालिया मुलाकातों का उल्लेख करते हुए गिलानी ने कहा है कि उन्होंने सभी के सामने कश्मीर विवाद को रेखांकित किया।
और इसके समाधान पर जोर देने को कहा। विभिन्न मंचों पर कश्मीर मुद्दे को उठाने के लिए खान ने गिलानी के प्रयासों की सराहना करते हुए सहयोग के लिए पाक सरकार के प्रति आभार जताया।