शिमला. संशोधित पेंशन मिलने का इंतजार कर रहे लगभग 98 हजार पेंशनरों को इस महीने से बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी। लेकिन सन 2006 के बाद सेवानिवृत्त हुए करीब 15 हजार पेंशनरों को संशोधित पेंशन के लिए अभी लगभग दो महीने इंतजार करना पड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पेंशनभोगियों और पेंशनधारक परिवारों की कुल संख्या 1.12 लाख से अधिक है। हालांकि केंद्र सरकार ने पेंशनरों को कोई अंतरिम राहत नहीं दी थी, लेकिन प्रदेश सरकार पेंशनरों को 20 फीसदी अंतरिम राहत की किस्त दे चुकी है। अब अग्रिम अंतरिम राहत को पेंशन में समायोजित कर लिया जाएगा।
ट्रेजरी के संयुक्त निदेशक ट्रेजरी दीपक भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार से पेंशन केस मिलने के बाद दो दिनों के भीतर सारी प्रक्रिया पूरी कर मामले बैंकों को भेजे जा चुके हैं। विशेष सचिव वित्त अक्षय सूद ने कहा कि शेष मामले भी यथासंभव जल्दी ही निपटा लिए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने 2006 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनभोगियों को संशोधित पेंशन जारी कर दी है। वित्त विभाग से ट्रेजरी को प्राप्त हुए पेंशन केस को 24 अक्टूबर 2009 को जिला कोषाधिकारियों को भेज दिया गया था। इसके बाद जिला कोषाधिकारियों ने स्क्रॉल निकाल कर पेंशन के मामले पिछले हफ्ते बैंकों को भेज दिए। बैंकों में तीन दिनों से अवकाश होने के कारण पेंशनरों को मंगलवार को बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी।
महालेखाकार के पास जाएगा केस
वित्त विभाग ने सन 2006 के बाद रिटायर हुए कर्मचारियों के पेंशन केस संबंधित विभागों को भेज दिए हैं। इन पेंशनरों की संख्या लगभग 15 हजार है। इनके पेंशन निर्धारण में अभी लगभग दो महीने का समय लग सकता है। उनके केस प्रदेश महालेखाकार के पास जाएंगे। इसके बाद इन पेंशनरों की पेंशन तय हो पाएगी।