शिमला. केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह के सियासी रुतबे की हकीकत कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी तक पहुंच गई है। एनएसयूआई के चुनाव प्रभारी मंथन ठाकुर ने प्रदेश में हुए चुनाव की रिपोर्ट कांग्रस महासचिव राहुल गांधी को भेजी है, जिसमें वेट्रन लीडर वीरभद्र सिंह के युवाओं में जलवे का जिक्र है।
पकड़ का एहसास कराया
रविवार को हुए प्रदेश एनएसयूआई अध्यक्ष के चुनाव में वीरभद्र सिंह ने युवाओं में अपनी पकड़ का एहसास दिला दिया। यदुपति ठाकुर की जीत के साथ ही यह तय हो गया कि इसलिए वीरभद्र सिंह को प्रदेश का मास लीडर कहा जाता है। चुनावी नजीतों के बाद वीरभद्र सिंह के पक्ष में जम कर नारेबाजी हुई। चुनाव प्रभारी ने अपनी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया है।
प्रदेश में दो विधानसभा सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में प्रदेश कांग्रेस में वीरभद्र सिंह के विरोधियों ने उन्हें घेरने की कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन उपचुनाव से ऐन पहले वीरभद्र सिंह ने अपने विरोधियों को ईंट का जवाब पत्थर से देकर हिसाब बराबर कर दिया। एनएसयूआई के चुनाव में वीरभद्र सिंह समर्थित युवाओं के चुने जाने से यह बात साफ हो गई है कि कांग्रेस की विचारधारा के समर्थक प्रदेश के युवाओं में वेट्रन लीडर वीरभद्र सिंह का जलवा बरकरार है। उपचुनाव के लिए प्रचार के आखिरी चरण में वीरभद्र सिंह एक बार फिर कांग्रेस के अंदर दमदार लीडर के रूप में उभर कर सामने आए हैं।
वीरभद्र के कंधों पर रोहड़ू और ज्वाली उपचुनाव का भार
रोहड़ू में कांग्रेस की जीत का भार वीरभद्र सिंह के ही कंधों पर है। यहीं कारण है कि प्रचार के आखिरी चरण में वीरभद्र सिंह को फिर से रोहड़ू में प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है। प्रचार के आखिरी चरण के वीरभद्र सिंह के रोहड़ू में होने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। मंगलवार से वीरभद्र सिंह मनजीत ठाकुर के पक्ष में प्रचार करने में जुट जाएंगे। रोहड़ू के अलावा ज्वाली में भी उनकी खासी मांग है। एनएसयूआई चुनाव में युवाओं ने जो उत्साह दिखाया है वह उपचुनाव में भी काम आएगा।