घरौंडा. कोहंड के समीप एक बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री में गैस टैंकर से अवैध रूप से गैस निकालते समय आग लगने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने रहस्यमय परिस्थितियों में करनाल के सरकारी अस्पताल से गायब हुए गैस टैंकर चालक को ढूंढ़ निकाला है।
टैंकर चालक देवेंद्र उत्तर प्रदेश के शहर गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। घरौंडा पुलिस ने चालक के पास दो पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर मामले के मुख्य आरोपी कोहंड निवासी संजय को काबू करने के लिए पुलिस का एक दल उतर प्रदेश रवाना हो गया है।
सूत्रों का कहना है कि टैंकर में लगी आग से संजय बुरी तरह से झुलस गया था। संजय को शामली के किसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस द्वारा अचानक कार्रवाई तेज करने से गैस माफिया गिरोह से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी देखी जा रही है।
पुलिस ने यह भी लिस्ट तैयार कर ली है कि टैंकर से लगभग कितने सिलेंडर अवैध रूप से भरे गए और किन इलाकों में सप्लाई किए गए। पुलिस का कहना है कि अग्निकांड के बाद इस काम से जुड़े माफिया भूमिगत हो गए थे, इसलिए भी कार्रवाई में लचक छोड़ी गई। अब फिर से पड़ताल तेज कर दी गई है।
यह था मामला
विदित रहे कि बीते रविवार की रात कोहंड के पास गैस गिरोह से जुड़े लोग कोहंड गांव के पास एक बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री में अवैध रूप से टैंकर से गैस निकाल रहे थे। इस दौरान टैंकर में आग लग गई थी। करीब चार घंटे तक प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जीटी रोड दोनों तरफ से बंद कर दिया था। बाद में जब आवागमन शुरू हुआ तो रात भर हजारों वाहन जाम में फंसे रहे।
चालक गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती है। दो पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। गैस गिरोह से जुड़े लोगों की धर पकड़ लिए कार्रवाई जारी है। किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती गई। पुलिस सिस्टम से काम कर रही है। - बलजिंदर सिंह, थाना प्रभारी घरौंडा