इंद्री. बयाना गांव में कंप्यूटर सेंटर संचालकों द्वारा सेंटर में नौकरी करने वाली लड़की का अश्लील एमएमएस बनाकर दूसरों को भेजने का मामला प्रकाश में आया। मामला प्रकाश में आने पर ग्रामीणों व परिजनों ने कंप्यूटर संचालकों की जमकर धुनाई की और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक लड़की के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन गांव के कंप्यूटर सेंटर में नौकरी कर रही थी। करीब एक माह पहले उसने कंप्यूटर सेंटर से नौकरी छोड़ दी।
आरोप है कि कंप्यूटर संचालकों ने उसकी बहन को ब्लैकमेल करने के लिए कंप्यूटर द्वारा उसकी अश्लील फोटो बना दी और इस फोटो को कई लोगों को एमएमएस कर दिया। पुलिस ने जितेंद्र की शिकायत पर कंप्यूटर सेंटर पर छापा मारा। मौके से कंप्यूटर में अश्लील फोटो पाई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों को कंप्यूटर सहित काबू कर लिया।
इस दौरान ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। कंप्यूटर में गांव की लड़कियों की फोटो देखकर वे आग बबूला हो गए और दोनों लड़कों की जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें ग्रामीणों के चंगुल से बचाया। समाचार लिखे जाने तक बयाना पुलिस चौकी में इंद्री थाना प्रभारी हरबंस लाल की मौजूदगी में पंचायत चल रही थी।