गंवा दिया अच्छी प्रस्तुति देखने का मौका
भास्कर न्यूज Tuesday, November 03, 2009 02:08 [IST]  

danceचंडीगढ़. शहर के कलाप्रेमियों ने सोमवार शाम बेहतर प्रस्तुति देखने का मौका गंवा दिया। ऐसा इसलिए, क्योंकि आयोजन में दर्शकों की तादाद बहुत कम थी। इसके बावजूद कलाकारों की ऊर्जा कम नहीं हुई। टैगोर थियेटर में नृत्य नाटिका ‘कृष्णलीला’ में गीत, संगीत, अभिनय, नृत्य और काव्य को एक साथ देखने और सुनने को मिला। परंपराओं से जुड़ी नृत्य नाटिका को श्रीराम भारतीय कला केंद्र दिल्ली के कलाकारों ने प्रस्तुत किया।



कहने को यह नृत्य नाटिका थी। भावों की प्रधानता ने सवा दो घंटे तक किसी को भी सीटों से हिलने नहीं दिया। कलाकारों में गजब का तालमेल था। उनके कदमों की ताल एक साथ दर्शकों के कानों तक पहुंची। शोभा दीपक सिंह ने 30 कलाकारों के साथ भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों को दर्शकों के सामने रखा। गीत हालांकि रिकार्डिड थे, लेकिन कलाकारों के भावों को प्रभावकारी बनाने में पूरी मदद कर रहे थे।



कृष्ण—सुदामा और युगधर्म के निर्वाह के लिए राधा से आखिरी मुलाकात के दृश्यों में दर्शक गीत और संगीत को भूलकर अभिनय की गहराई में खो गए। ग्वाल बालों के साथ कान्हा के नटखट खेल से लेकर महाभारत तक के हर प्रसंग को बेहतर तरीके से संजोया गया। मेकअप और कॉस्ट्यूम के साथ लाइट्स ने प्रस्तुति में चार चांद लगा दिए। नृ़त्य नाटिका में लाइट्स सबसे अहम रहती है। कुल मिलाकर शोभा दीपक सिंह की टीम की प्रस्तुति प्रभावशाली रही।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: