आज पंजाब बंद
भास्कर न्यूज Tuesday, November 03, 2009 02:20 [IST]  

चंडीगढ़. 1984 के सिख कत्लेआम के विरोध में मंगलवार को प्रस्तावित ‘पंजाब बंद’ के दौरान सिख संगठनों ने राज्य में बस व रेल यातायात ठप करने का ऐलान किया है। बंद का आह्वान करने वाले दल खालसा के प्रधान हरचरणजीत सिंह धामी ने बताया कि बंद पूरे दिन का होगा और इस दौरान एक भी गाड़ी को सड़कों पर चलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल संस्थाओं को इस बंद से मुक्त रखा गया है।



सिख संगठनों के इस ऐलान के बाद राज्य पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। डीजीपी ऑफिस ने आईजी, डीआईजी और सभी जिलों के एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि वह बंद के दौरान किए जाने वाले प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। इन घटनाओं की वीडियोग्राफी कराने को भी कहा गया है।



एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) जे.पी. विरदी ने कहा कि बस अड्डों व रेलवे स्टेशनों पर अधिक से अधिक फोर्स तैनात की जाएगी और भीड़ वाले क्षेत्रों में एसपी व डीएसपी सिटी की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिलास्तर पर तैनात सभी अफसरों से कहा गया है कि वह बंद के दौरान फील्ड में रहें।



जिलों के एसएसपी बंद के दौरान होने वाली किसी भी घटना की जानकारी तुरंत डीजीपी मुख्यालय को भेजेंगे। मामला 1984 के दंगों से जुड़ा होने के कारण खुफिया विंग को भी हालात पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल से भी चौकस रहने को कहा गया है।



राज्य के परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव डी.एस. जसपाल ने बताया कि सिख संगठनों के ऐलान के बाद विभाग ने ऐहतियात के तौर पर कई कदम उठाए हैं। जिलास्तर पर तैनात अफसरों से बसों के रूट्स पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उनमें बदलाव करने को कहा गया है।



कांग्रेस भवन के लिए सुरक्षा मांगी



बंद के मद्देनजर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सहगल ने डीजीपी को पत्र लिखकर जालंधर स्थित जिला कांग्रेस भवन की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। सहगल ने कहा कि हर बार बंद के दौरान इन संगठनों ने कांग्रेस भवन में तोड़फोड़ मचाई है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: