रायपुर. सूफी गायक कैलाश खेर सुरक्षा के नाम पर पुलिस द्वारा अपमानित किए जाने से बेहद खफा हैं। उन्होंने राज्यपाल ईएसएल नरसिंहन और सीएम डा. रमनसिंह से मिलकर भी नाराजगी जताई है।
राज्योत्सव में उद्घाटन समारोह में प्रस्तुति देने खेर रविवार को राजधानी में थे। वे जब प्रस्तुति देने साइंस कालेज मैदान जा रहे थे तब पुलिस ने उनकी कार जगह-जगह रोकी। वे सरकारी कार में सवार थे। कार के ड्राइवर ने भी लगातार पुलिसकर्मियों को बताया कि उनके साथ वीआईपी हैं और उसके पास कार का पास है, बावजूद इसके तलाशी ली जाती रही और खेर कार्यक्रम में करीब आधे घंटे देर से पहुंचे। तब तक उनका मूड उखड़ चुका था।
मंच पर पहले गाने के बाद उन्होंने बेहद नाराजगी भरे अंदाज में सारा वाकया बयान किया। उन्होंने कहा कि सरकार के आमंत्रण पर प्रोग्राम देने आए कलाकार के साथ ऐसा सलूक किया गया। यह शासन का काम है कि वह देखे कि उसके गेस्ट के साथ बदतमीजी न हो और वो भी तब जब गेस्ट सरकारी गाड़ी में हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों और आयोजकों में समन्वय नहीं होने की वजह से ऐसा हुआ। उल्लेखनीय है कि श्री खेर को संस्कृति विभाग ने कार मुहैया कराई थी।