इंदौर ओवरऑल चैंपियन
Bhaskar News Tuesday, November 03, 2009 03:10 [IST]  

इंदौर. खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित महिला खेल महोत्सव में मेजबान इंदौर ने ऑवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। इंदौर की टीम जिमनास्टिक व खो खो में विजेता रही जबकि वालीबॉल और कबड्डी का खिताब जबलपुर के नाम रहा।



चिमनबाग स्थित जिमनास्टिक सेंटर पर आयोजित जिमनास्टिक के मुकाबलों में इंदौर की महिला खिलाड़ियों का दबदबा रहा। इंदौर 166.10 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा। उज्जैन की टीम 104.90 अंक लेकर दूसरे और भोपाल की टीम 30.40 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।



जिमनास्टिक के व्यक्तिगत मुकाबलों में इंदौर की नेहा वर्मा ऑलराउंड चैंपियन रहीं। तिलोत्तमा लोकरे दूसरे और विजेता धोलपुरे तीसरे स्थान पर रहीं। जिमनास्टिक के बैलेंसिंग बीम स्पर्धा में इंदौर की नेहा वर्मा पहले और दिव्या पित्रे दूसरे स्थान पर रहीं। उज्जैन की हार्दिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।



वाल्टिंग टेबल स्पर्धा में तिलोत्तमा लोकरे पहले, दिव्या पित्रे दूसरे और उज्जैन की जिम्मी आंजना तीसरे स्थान पर रहीं। फ्लोर एक्सरसाइज में नेहा ने पहला, दिव्या ने दूसरा और जिम्मी ने तीसरा स्थान हासिल किया। अनइवन बार में तिलोत्तमा पहले, नेहा दूसरे और जिम्मी तीसरे स्थान पर रहीं।



इंदौर एक अंक से जीता



हैप्पी वांडर्स मैदान पर आयोजित खो खो स्पर्धा में इंदौर ने संघर्षपूर्ण खिताबी मुकाबले में जबलपुर को 1 अंक से मात दी। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं और दोनों के समान रूप से 5 अंक थे। अंतत: परिणाम के लिए तीसरी पारी कराने का फैसला लिया गया जिसमें इंदौर 1 अंक से विजेता बनी।



ब्रदर्स क्लब मैदान पर आयोजित वालीबॉल स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में इंदौर और जबलपुर के मध्य दिलचस्प मैच हुआ। पहला सेट इंदौर ने जीता लेकिन अगले दोनों सेट जबलपुर ने जीतते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। जबलपुर ने 3 सेटों के संघर्ष में मैच 20-25, 25-12, 15-9 से जीता।



भाऊ शिंदे खेल परिसर में आयोजित कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में जबलपुर ने इंदौर को 62-22 के बड़े अंतर से पराजित करते हुए खिताब अपने नाम किया। मध्यांतर तक जबलपुर 21-13 से आगे था। स्पर्धा का समापन व पुरस्कार वितरण भाऊ शिंदे खेल परिसर में प्रदेश के राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया।



अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेशचंद्र जैन ने की। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक अजय कुमार त्रिपाठी, मध्यप्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सचिव श्रीकृष्ण लक्कड़, जिला ओलिंपिक संघ के सचिव ओम सोनी, अपर कलेक्टर वंदना वैद्य, विनोद ठाकुर, राजेश उदावत व शैलेंद्र अग्रवाल मौजूद थे।



स्वागत रमेश सेन, धनंजय शर्मा, राजेश शाक्य, गोरधन गहरवाल, सतीश पटेल, रतन गौड़, जगदीश वर्मा, अजय दुबे, मनोज शर्मा, अरुण क्षीरसागर, अजय चौरसिया, हेमंत सुबीर, राधेश्याम शर्मा, देवकीनंदन सिलावट, विजय वरकिया, संजय मिश्रा, प्रकाश गौड़, वेद पंड्या, सुनील शुक्ला, रीना अजनारिया, ममता लाहौरे, प्रितेश यादव, रामराव नागले ने किया। संचालन अनिल गौड़ ने किया और घनश्याम चौधरी ने आभार माना।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: