इंदौर. मकान खाली करने के लिए धमकाने के मामले में कांग्रेस सांसद के भतीजे को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस रविवार रात उसके घर पहुंची। इसे लेकर पुलिस और भतीजे के समर्थकों में जमकर गहमागहमी हुई।
देवास-शाजापुर के कांग्रेस सांसद सज्जनसिंह वर्मा के भतीजे रिंकू वर्मा को गिरफ्तार करने खजराना पुलिस रविवार रात गणोशपुरी स्थित उसके निवास पहुंची। वहां उपस्थित समर्थकों ने इस पर आपत्ति ली। बात बढ़ने पर पुलिस और समर्थकों के बीच जमकर गहमागहमी हो गई।
टीआई बी.एस. परिहार ने बताया रिंकू घर पर नहीं मिला, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीआई के अनुसार खजराना क्षेत्र में एक मकान में रिटायर्ड कर्नल अरुण गुप्ता किराए से रहते हैं। कुछ दिन पहले कर्नल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मकान खाली करने के लिए रिंकू ने घर आकर उनको धमकी दी है। रिंकू के खिलाफ थाने में अन्य प्रकरण भी दर्ज हैं।