जयपुर. स्कूल के बाहर से अगवा की गई एक छात्रा के परिजनों ने एक टीचर व उसके मित्र के खिलाफ दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता खंडेला (सीकर) में एक निजी स्कूल में पढ़ती थी, जहां आरोपी द्वारका प्रसाद उर्फ भूपेश (26) टीचर था। वह छात्रा से आपत्तिजनक हरकतें करता था, जिसके कारण परिजन कुछ माह पहले बेटी को ढेहर का बालाजी स्थित रिश्तेदार के यहां ले आए और सीकर रोड के एक स्कूल में 11वीं में भर्ती करा दिया। घटना के अनुसार छात्रा शनिवार सुबह 8 बजे वह स्कूल पहुंची, तो उसे स्कूल गेट पर खंडेला निवासी द्वारका प्रसाद मिला।
उसने छात्रा को जबरन बाइक पर बिठाया और रामनिवास बाग ले जाकर स्कूल ड्रेस बदलवाने के बाद सेंट्रल पार्क ले गया, वहां उसने सुनसान जगह पर छात्रा से दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद द्वारका का दोस्त राहुल मीणा भी कार लेकर सेंट्रल पार्क पहुंचा। वहां से दोनों आरोपी छात्रा को अशोक विहार स्थित एक मकान में ले गए और दोनों ने उससे दुष्कर्म किया।
शनिवार को मकान में बंधक बनाकर रखने के बाद आरोपी पीड़िता को रविवार तड़के 5 बजे सीकर रोड 3 दुकान के नजदीक छोड़कर कार से सीकर की तरफ फरार हो गए। आरोपियों ने भागते वक्त छात्रा को इस बारे में परिजनों व पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना के बारे में बताया।